महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 दिसंबर। दितवाह साइक्लोन के रविवार को तमिलनाडु, दक्षिण आंध्रप्रदेश के तटों से टकराने का असर महासमुंद जिले में भी देखने को मिल रहा है। सोमवार सुबह से अब तक हल्के बादल छाए हुए हैं, इससे न्यूनतम तापमान में कमी होने से सुबह से ही ठंड पड़ रही है। सोमवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 15 डिग्री तक रहा।
यहां पिछले हफ्ते ठंड में थोड़ी कमी आई थी। इससे अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई थी। लेकिन पिछले शुक्रवार से ठंड बढ़ी है और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार साइक्लोन दितवाह रविवार को तमिलनाडु, दक्षिण आंध्रप्रदेश के तटों से टकराया। तूफान के कारण सुबह से ही हल्के बादल छाए रहे। इससे ठंड बढ़ गई है और ठंडी हवाएं चल रही है। मौसम विभाग के अनुसार आज मंगलवार को जिले में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम गिरावट के साथ 14 डिग्री तक रहने के आसार हैं। आगामी सप्ताह में तापमान गिरने से ठंड तेजी से बढ़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों में एक-दो डिग्री न्यूनतम तापमान गिरने की संभावना है। मौसम में परिवर्तन के चलते जिले में दिनभर बादल छाए रहे। वहीं मौसम विभाग ने आगामी तीन दिनों तक जिले में बारिश की संभावना जताई है। ठंड बढऩे के कारण लोग गरम कपड़ों में ही दिखाई दे रहे हैं।
इधर सुबह सडक़ और उद्यानों में टहलने के लिए निकलने वालों की संख्या में भी ठंड के चलते कमी देखी जा रही है। लोग शाम 5 बजे के बाद घरों में दुबक कर रहने मजबूर है। वहीं सुबह 10 बजे के बाद ही सडक़ों और दुकानों में चहल कदमी देखी जा रही है।
चिकित्सकों के अनुसार ठंड में सबसे अधिक खतरा बुजर्गों को है, उन्हें ठंड से बचना चाहिए और गर्म वस्तुओं का सेवन करना चाहिए। ठंड के कारण जिला अस्पताल में भी सर्दी-खांसी, वायरल फीवर के मरीजों का अधिकतर केस पहुंच रहे हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों व मैदानी इलाकों में सुबह और रात में ठंड का असर अधिक होता है। लोग गर्म कपड़ों के अलावा यहां अलाव का सहारा ले रहे हैं। यहां खासकर बुजुर्ग व बच्चे अलाव के सामने बैठकर ठंड से बचते दिखाई देते हैं।


