महासमुन्द

शिक्षा के बिना जीवन आधारहीन- एकता
26-Nov-2025 4:00 PM
शिक्षा के बिना जीवन आधारहीन- एकता

महिला जागरूकता-सशक्तिकरण कार्यक्रम

छत्तीसगढ़ संवाददाता

महासमुंद,26 नवंबर। जिले के ग्राम पंचायत बोडरा में महिलाओं के उत्थान, अधिकार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जागरूकता को केंद्र में रखते हुए कल मंगलवार को महिला जागरूकता एवं सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, किशोरी बालिकाएं, ग्रामवासी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि समाज सेविका डॉ.एकता लंगेह ने कहा कि शिक्षा के बिना मानव जीवन पूर्णत:आधारहीन हो जाता है। शिक्षा ही वह प्रकाश है जो अज्ञानता के अंधकार को दूर कर, व्यक्ति को आत्मविश्वास, पहचान और आगे बढऩे की क्षमता प्रदान करती है।

उन्होंने कहा कि आज भी कई गांवों में रूढि़वादी परंपराओं के कारण लड़कियों को आठवीं या दसवीं तक ही पढ़ाई सीमित कर दी जाती है। जिससे बेटियों की प्रतिभा दब जाती है। उन्होंने माताओं और ग्रामीणों से विशेष आग्रह किया कि लडक़ा और लडक़ी दोनों को समान अवसर दें। क्योंकि शिक्षित महिला ही परिवार, समाज और आने वाली पीढिय़ों को सशक्त बनाती हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच नूतन नायक ने की। उन्होंने अपने संबोधन में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की आवश्यकता पर जोर दिया। जनपद अध्यक्ष दिशा रामस्वरूप दीवान विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थीं और उन्होंने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं के विकास, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने महिलाओं से इन योजनाओं का लाभ लेने और आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया।जिला पंचायत सदस्य देवकी प्रकाश पटेल ने भी अपने उद्गार व्यक्त करते हुए महिलाओं को समाज की मुख्य शक्ति बताते हुए कहा कि जब महिला मजबूत होती हैं, तब पूरा परिवार और समाज मजबूत होता है।  कार्यक्रम में सृजन समाज सेवी संस्था की विष्णुप्रिया ठाकुर और छत्तीसगढ़ जन जागरण संस्थान से आत्माराम मारकंडे ने शिक्षा, स्वास्थ्य, श्रमिक अधिकार, सामाजिक सुरक्षा, छात्रवृत्ति, आय बढ़ाने वाली शासन योजनाओं और महिलाओं के लिए विशेष सुविधा कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।

       स्कूल शिक्षिका दुलारी चंद्राकर ने स्कूली शिक्षा की वर्तमान स्थिति, बच्चों की पढ़ाई में अभिभावकों की भूमिका एवं किशोरियों की शिक्षा को बढ़ावा देने पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। इस दौरान डा. एकता लंगेह ने मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। इसके अलावा गांव के बुजुर्गों को कंबल वितरण कर सम्मान दिया वहीं किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सेनेटरी पैड वितरण भी किया।

       इस अवसर पर उपस्थित बालिकाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वागत गीत और लोकनृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्राम प्रमुख लालाराम बिहर सिंह, पंचगण और मितानिन दीदियों, सत्या, सुनीता, देवकी, हेमलता, हेमवती का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन ढलेश्वर साहू ने तथा ग्राम पंचायत सचिव गंगाराम टंडन ने सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।


अन्य पोस्ट