महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 नवंबर। स्वाध्याय केन्द्र समिति के सदस्यों ने कल विधायक राजू योगेश्वर सिन्हा और पूर्व नपाध्यक्ष पवन पटेल से सौजन्य भेंट की और अभियान के संबंध में विस्तृत चर्चा की। अविरल सितली निर्मल सितली अभियान को गति प्रदान करते हुए विधायक सिन्हा ने 10 लाख रुपए देने की घोषणा की है। यह राशि अभियान के तहत सामुदायिक भवन और अन्य भवन निर्माण के कार्यों में उपयोग की जाएगी।
विधायक सिन्हा ने समिति को यह भी आश्वासन दिया कि वे परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए शासन स्तर से भी पूरा सहयोग दिलाएंगे तथा कार्य पूर्ण कराने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। विधायक से भेंट के बाद समिति के सदस्यों ने महासमुंद के पूर्व नपाध्यक्ष और वर्तमान पार्षद वार्ड नं. 24 पवन पटेल से मुलाकात की। पार्षद पटेल ने भी इस अभियान की सराहना करते हुएए अपने पार्षद निधि से 2 लाख रुपए सहयोग की घोषणा की। डॉ. चोपड़ा के मुताबिक सितली नाले की सफाई अभियान और सौंदर्यीकरण का कार्य शीघ्र ही भूमिपूजन के पश्चात विधिवत रूप से चालू किया जाएगा। समिति ने विधायक सिन्हा और पार्षद पटेल के सहयोग और आश्वासन के लिए आभार व्यक्त किया है। भेंट के दौरान प्रमुख रूप से पूर्व विधायक डॉ.विमल चोपड़ा, समिति के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत पाणिग्रही, सचिव मोहन साहू, कोषाध्यक्ष गोवर्धन प्रधान और नारद डड़सेना शामिल थे।


