महासमुन्द

देर रात चर्चा के बाद बेमुद्दत हड़ताल समाप्त, काम पर लौटे सहकारी कर्मी
21-Nov-2025 3:39 PM
देर रात चर्चा के बाद बेमुद्दत हड़ताल समाप्त, काम पर लौटे सहकारी कर्मी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,21नवंबर। धान खरीदी शुरू होने के पांचवे दिन जिले के 182 उपार्जन केंद्रों में मात्र 89 केंद्रों में ही खरीदी हुई। कल भी 93 उपार्जन केंद्रों में बोहनी तक नहीं हुई है और आज सुबह तक इन केंद्रों में धान उपार्जन का आंकड़ा शून्य है।

ज्ञात हो कि कल तक मात्र 80 केंद्रों में धान खरीदी शुरू हो पाई थी। आज शुक्रवार 21 नवम्बर से जिले भर के सहकारी कर्मचारी अपने-अपने उपार्जन केन्द्रों में वापस काम पर लौट गये हैं और धान खरीदी व्यवस्था में सुधार जारी है।

 बताया जा रहा है कि कल देर रात धमतरी से लौटने के बाद हड़ताली सहकारी समिति कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल को प्रशासन ने जिला कार्यालय बुलाया था। रात 8.30 बजे जिला कार्यालय में अपर कलेक्टर रवि साहू, खाद्य अधिकारी अजय यादव, नोडल अधिकारी अविनाश शर्मा एवं उपपंजीयक द्वारिका नाथ तथा सहकारी कर्मचारी संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू सहित अन्य सदस्यों के बीच चर्चा हुई।

चर्चा के बाद किसान हित में कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्ति की घोषणा कर तत्संबंधी पत्र अधिकारियों सौंपा। इस तरह  बीते 18 दिनों से लगातार सहकारी कर्मी हड़ताल करने के बाद आज से काम पर लौट आए हैं। उनकी हड़ताल की वजह से जिले भर के 182 उपार्जन केन्द्रों में खरीदी व्यवस्था चरमराई हुई थी। गांवों में उचित मूल्य की दुकानें भी बंद थीं। कहा जा रहा है कि आज से सहकारी कर्मियों के काम पर लौटने के बाद व्यवस्था पटरी पर लौटेगी।

 

गौरतलब है कि जिला मुख्यालय सहित आसपास के अनेक उपार्जन केंद्र जहां धान खरीदी शुरू हुई है, वहां अब कर्मचारियों की कमी की वजह से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। परसों बुधवार को 50 आपरेटर्स ने काम समझ नहीं आने तथा वेतनमान स्पष्ट नहीं होने का बहाना बनाकर इस्तीफा दे दिया था। रेजा, हमाल, गेटपास प्रभारी, स्टैंपसील तथा बारदाना प्रभारी जैसे कर्मियों की कमी की वजह से धान खरीदी की गति धीमी थी। 

जानकारी मिली है कि जिले के अधिकांश उपार्जन केंद्रों में स्वयं से मोबाइल के माध्यम से किसानों द्वारा जो टोकन काटा गया है, उसी से ही धान खरीदी हो रही है। सोसायटियों से टोकन फिलहाल नहीं कट सका है। चाइस सेंटरों से भी किसान टोकन निकाल रहे हैं। इस तरह किसान ऑनलाइन टोकर काटकर चॉइस सेंटर से इसकी प्रति निकालकर उपार्जन केंद्र आ रहे हैं। खरीदी केन्द्र आने वाले किसानों का नाम और धान की तादात को पृथक रजिस्टर में एंट्री किया जा रहा है। बाद जब ऑपरेटर आएंगे तो सीरियल नंबर के अनुसार उनका टोकन काटा जाएगा।

आज की स्थिति में जिले के 130 समितियों के 182 उपार्जन केन्द्रों में से 127 केन्द्रों में 1294 टोकन काटा गया है। आज दिनांक तक 75 हजार 101 क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी। इसके अलावा जिन केन्द्रों में धान खरीदी की शुरुआत नहीं हुई है लगभग उन सभी उपार्जन केंद्रों में किसानों से निर्बाध रूप से धान खरीदने की पूरी तैयारी की जा रही है। जिले में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के मार्गदर्शन में सभी केन्द्रों में धान खरीदने सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। महासमुंद जिले में भी अब किसान उत्साह से धान खरीदी केंद्रों में धान लेकर पहुंच रहे हैं।

प्राथमिक सहकारी समिति शेर में शेर गांव के कृषक ईश्वर निषाद ने कल ढाई एकड़ खेती से उत्पादित 52.80 क्विंटल धान  बेचा। उन्होंने कहा कि केंद्र में किसी तरह के कोई अफरा-तफरी का माहौल नहीं है। शेर सहकारी समिति में कल  11 किसानों का टोकन काटा गया है। जिसमें 570 क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी।

यहां पहुंचे अन्य किसानों ने बताया कि इस बार टोकन व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी है एवं ऑनलाइन है। तौलाई सही हो रही है। बारदाने की कोई कमी नहीं है और सरकार की व्यवस्थाओं से वे पूरी तरह संतुष्ट हैं। जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि किसान बिना किसी भ्रम के उपार्जन केन्द्र पहुंचें और अपने धान का विक्रय करें। 


अन्य पोस्ट