महासमुन्द
झालखम्हरिया केंद्र में धान खरीदी का कैबिनेट मंत्री ने किया शुभारंभ
'छत्तीसगढ़Ó संवाददाता
महासमुंद, 16 नवंबर। जिला महासमुंद के धान खरीदी केंद्र झालखमहरिया में कल खरीदी कार्य का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि आज किसानों के लिए उत्सव का दिन है। हमारा राज्य किसानों से ही समृद्ध है। यहां तक कि अयोध्या में श्रीराम लला के लिए भोग यहीं छत्तीसगढ़ से चावल भेजा गया था। आज से धान खरीदी की शुरुआत हो गई है। पिछले साल भी रिकॉर्ड धान खरीदी किया गया था। इस साल भी रिकॉर्ड धान खरीदी की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मंशानुरप धान खरीदी की जा रही है। किसानों को बोनस एवं सभी समितियों में एटीम की सुविधा कराई जा रही है ताकि किसानों को किसी प्रकार की समस्या न हो। अधिकारी-कर्मचारी भी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रहे हैं। हमारी सरकार किसानों की हितों का पूरा ध्यान रख रही है। उन्होंने कहा कि राज्य को 25 वर्ष पूरे हो गए हैं। आने वाला 2047 तक राज्य को विकसित बनाना है। हमारा राज्य देश का पहला विकसित राज्य बनेगा। उन्होंने किसानों को बधाई दी।
इस अवसर पर महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा एवं विधायक बसना संपत अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनकी मौजूदगी में गांव के कृषक दुर्गेश साहू के 40 क्विंटल धान की तुलाई कर खरीदी प्रक्रिया की शुरुआत की गई। इससे केंद्र में खरीदी का वातावरण और अधिक उत्साहपूर्ण हो गया। धान खरीदी केंद्र में किसानों की सुविधा, पारदर्शिता और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। प्रशासनिक अमले एवं समिति के कर्मचारियों द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि हर किसान को समय परए व्यवस्थित और बिना किसी परेशानी के धान बेचने की सुविधा मिले।
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि इस जिले में पूरे राज्य में सबसे अधिक धान खरीदी की जाती है। सिंचाई क्षमता को बढ़ाने कार्य जारी है।
सिकासेर और सिरपुर बैराज का काम भी पूर्ण हो गया है। इससे सिंचाई क्षमता में वृद्धि होगी। उन्होंने विश्वाश व्यक्त किया कि इस वर्ष भी धान खरीदी में जिला इतिहास दर्ज करेगा।
बसना के विधायक संपत अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मंशानुरूप धान खरीदी कि जा रही है। लक्ष्य के अनुरूप खरीदी कि जा रही है। सुचारू रूप से धान खरीदी जा रही है। किसानों को किसी तरह परेशानी नहीं होगी।इस बात का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। यहां के किसानों का लाभ हो, यह सुनिश्चित हो। अवैध धान की खरीदी बिक्री में नजर रखे और प्रशासन का सहयोग करें। आइए इसे एक उत्सव के रूप में मनाएं।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कहा कि जिले में 130 समिति के 182 उपार्जन केंद्रों में खरीदी की जा रही है। किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होगी। आज 34 समितियों में 50 किसानों का टोकन कट गया है। रविवार की शाम 5 बजे तक टोकन काट सकते हंै और धान खरीदी की जा सकती है। बताया कि यहां जिले में 16 चेक पोस्ट स्थापित किए गए है। अभी तक 23 प्रकरण दर्ज किए गये हंै जिसमें 3000 किवंटल अवैध धान जप्त की गई है।
इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष देवी चंद राठी, जनपद सदस्य विजय लक्ष्मी जांगड़े, संदीप दीवान,पीयूष साहू, प्रकाश शर्मा,राहुल चंद्राकर, पंकज चंद्राकर, संदीप घोष, सरपंच अनेश्वरी चंद्राकर,ग्रामीण अध्यक्ष श्याम साकरकर,अपर कलेक्टर रवि साहू, एसडीएम अक्षा गुप्ता,आसपास के किसान बड़ी संख्या में मौजूद थे।


