महासमुन्द

बिरसा मुंडा ने उलगुलान क्रांति का नेतृत्व किया, इसलिए भगवान -रूपकुमारी
14-Nov-2025 3:09 PM
बिरसा मुंडा ने उलगुलान क्रांति का नेतृत्व किया, इसलिए भगवान  -रूपकुमारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,14 नवंबर। कल शाम स्थानीय भाजपा कार्यालय में प्रेसवार्ता आहुत कर सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता में जनजातीय समुदायों का बड़ा योगदान शामिल है, जिन्होंने राष्ट्र के इतिहास और विकास के सफर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ब्रिटिश शासन की शोषणकारी औपनिवेशिक व्यवस्था के खिलाफ  बिरसा मुंडा के नेतृत्व में उलगुलान महान कांति का सफलतापूर्वक संचालन किया गया। इसी कारण जनजातीय समुदाय में बिरसा मुंडा भगवान के रूप में पूजनीय हैं। समाज एवं राष्ट्र के प्रति इनके योगदान को सम्मान देते हुए भारत सरकार द्वारा वर्ष 2021 में बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की गई है। तब से प्रत्येक वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि 15 नवंबर सन् 2024 को भगवान बिरसा मुण्डा की 150 वीं जयंती के उपलक्ष्य में दिनांक 15 नवंबर 2024 से दिनांक 15 नवंबर 2025 तक जनजातीय गौरव वर्ष मनाया जा रहा है। जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा पूरे देश में  01 नवम्बर से 15 नवम्बर तक जनजातीय गौरव वर्ष पखवाड़ा मनाये जाने के निर्देश जारी किये गए हैंं।  जिसके अनुपालन में छत्तीसगढ़ प्रदेश में भी 01 नवम्बर से 15 नवम्बर तक ग्राम पंचायत स्तर, विकासखण्ड स्तर एवं जिला स्तर पर जनजातीय गौरव वर्ष पखवाड़ा मनाया जा रहा है।  इसी क्रम में कल 15 नवंबर 2025 को जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम का आयोजन जिला मुख्यालय स्तर पर संपन्न होगा जिसमें जिले के प्रभारी मंत्री, स्थानीय सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष सहित अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे। उन्होनें बताया कि जनजातीय गौरव वर्ष पखवाड़ा के अंतर्गत आदि कर्मयोगी अभियान के तहत् राज्य के 28 जिलों के 128 विकासखंड के 6650 ग्रामों में चिन्हित आदि सेवा केन्द्रों में जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम के नायकों एवं महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण किया जाकर जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कहा कि 4 विभाग के अंतर्गत अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिये संचालित 1326 प्री मैट्रिक छात्रावास, 318 पोस्ट मैट्रिक  छात्रावास, 1173 आश्रमों एवं 10 विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह के लिये संचालित आवासीय विद्यालय तथा 75 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में विभिन्न कार्यक्रमों-गतिविधियों का आयोजन जैसे प्रभात फेरी, जनजागरूकता यात्रा आदि जारी है। प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष येत राम साहू आदि भी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट