महासमुन्द
महासमुंद,धमतरी,गरियाबंद जिले धावक भाग लेंगे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,8नवंबर। लोकसभा महासमुंद स्तर पर आयोजित श्स्वदेशी मैराथन का भव्य आयोजन आगामी 13 नवम्बर 2025 गुरुवार को सिरपुर, जिला महासमुंद में प्रात: 8 बजे से किया जाएगा। पूर्व में यह आयोजन 9 नवंबर को होना था जो अब 13 नवम्बर को होगा। इस मैराथन में लोकसभा महासमुंद अंतर्गत आने वाले धमतरी, गरियाबंद एवं महासमुंद जिलों के महिला एवं पुरुष धावक भाग लेंगे। खेल अधिकारी मनोज घृतलहरे ने जानकारी दी है कि प्रतियोगिता ओपन कैटेगरी में आयोजित की जाएगी। जिसमें भाग लेने के लिए किसी भी प्रकार की आयु सीमा नहीं होगी। पुरुष एवं महिला वर्ग हेतु 5 किलोमीटर दौड़ का आयोजन किया जाएगा। इच्छुक धावकों के लिए पंजीयन पूर्णत: नि:शुल्क रहेगा। पुरुष एवं महिला वर्ग हेतु प्रथम स्थान को 25 हजार, द्वितीय स्थान को 20, तृतीय स्थान को 15, चतुर्थ स्थान को 10, पांचवां स्थान को 7.500, छटवां से दसवां स्थान को 5 हजारर रुपए दिए जाएंगे।
प्रत्येक पुरस्कार राशि विजेताओं को चेक के माध्यम से राशि प्रदाय की जाएगी। इस मैराथन में केवल वे प्रतिभागी शामिल हो सकेंगे जो लोकसभा महासमुंद क्षेत्र के निवासी, अध्ययनरत या कार्यरत हैं अथवा जिनका वर्तमान निवास इसी क्षेत्र में है। लोकसभा क्षेत्र के बाहर से आने वाले प्रतिभागी को पुरस्कार की पात्रता नहीं होगी। लोकसभा महासमुंद के जिलों से आने वाले प्रतिभागियों को आवश्यकता अनुसार आयोजन पूर्व रात्रि विश्राम की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। प्रतिभागियों को पंजीयन के दौरान संपूर्ण जानकारी प्रस्तुत करनी होगी। यह आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा स्वयं सेवी संस्थाओं के सहयोग से किया जा रहा हैं। उकत कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में स्वदेशी चेतना, खेल भावना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को प्रोत्साहित करना है। आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद लोकसभा महासमुंद रूपकुमारी चौधरी उपस्थित रहेंगी।
विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक महासमुंद योगेश्वर राजू सिन्हा, जिला अध्यक्ष येतराम साहू, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह तथा अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल होंगे। अधिक जानकारी हेतु खेल अधिकारी, महासमुंद मनोज धृतलहरे 9617500748 व रूप लाल साहू 8889033244 से संपर्क किया जा सकता हैं।


