महासमुन्द
पंजाब से आई गतका टीम के साहसिक करतब
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 7 नवंबर। श्री गुरुनानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व को पंज प्यारों की अगुवाई में क्षेत्रवासियों ने धूमधाम से मनाया। दोपहर एवं रात में लंगर की व्यवस्था भी रखी गई थी।
नगर में गुरुवार को श्री गुरुनानक देव जी के जन्मोत्सव प्रकाश पर्व के रूप में धूमधाम से मनाया गया। सुबह 9 बजे श्री अखण्ड पाठ की समाप्ति के बाद कीर्तन एवं अरदास का कार्यक्रम दोपहर 1 बजे तक चला। इसके बाद गुरु का लंगर आयोजित किया गया था। शाम कोई साढ़े चार बजे से नगर कीर्तन प्रारम्भ हुआ।
नगर कीर्तन में सिखों के साथ अन्य जाती धर्म के लोग भी शामिल हुए। रास्ते भर सिख महिला एवं पुरुष शबद कीर्तन पढ़ते चल रहे थे। श्री गुरु ग्रन्थ साहिब का स्वरूप एक बड़ी आकर्षक सजी वाहन में रखा गया था। इसके सामने पंज प्यारे एवं निशान साहिब चल रहे थे। जिससे पूरा माहौल गुरुमय हो गया था। गुरुद्वारा से मुख्य मार्गो से होता नगर कीर्तन गौरव पथ मार्ग में चलते रहा।
रास्ते भर अतिशबाजी एवं विभिन्न समाज द्वारा स्वल्पाहार सहित जलपान की व्यवस्था रखी गयी। पूरा नगर कीर्तन के दौरान नगर का वातावरण भक्तिमय दिखा।
नगर अध्यक्ष ने किया स्वागत
नगर कीर्तन का रास्ते भर सिख परिवारों के अलावा नगर पंचायत अध्यक्ष देवसिंह निषाद ने पंज प्यारों को फूल माला पहनाकर शानदार स्वागत किया।
श्री निषाद के साथ नगर पंचायत उपाध्यक्ष वीरेंद्र तिवारी एवं सभी पार्षद मौजूद थे।
गतका आकर्षण का केंद्र बना
नगर कीर्तन के दौरान सिख समाज के छोटे-बड़े बच्चे शौर्य प्रदर्शन करने वाले खेल गतका का लगातार प्रदर्शन करते रहे। पिथौरा नगर की गतका शिक्षक हरप्रीत कौर के निर्देश में छोटे बच्चों ने भारी भीड़ के बीच दिल छू लेने वाले प्रदर्शन कर लोगों का मन जीत लिया। इसके अलावा पंजाब से विशेष रूप से पहुंची गतका टीम के सदस्यों के साहसिक कारनामों ने लोगो का मन मोह लिया।


