महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2नवंबर। नगर के दलदली रोड स्थित आशियाना वृद्धाश्रम में शनिवार को छत्तीसगढ़ स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू के निर्देशन एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी अशोक सलामे के मार्गदर्शन पर स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना की टीम ने आश्रम के बुजुर्गों की स्वास्थ्य का परीक्षण कर अवश्यक दवाओं का वितरण किया।
इस दौरान उपस्थित डॉक्टर जी.एस.दीवान ने बुजुर्गों को हाईपरटेंशन, डायबिटीज होने के कारण एवं उससे बचाव किस तरह से किए जाये के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि वृद्धावस्था में अधिक चिंता न करें यदि किसी को बीपी या शुगर है, तो समय-समय पर अवश्य जांच कराएं एवं नियमित रूप से दवा लेते रहने की सलाह दी।
शिविर में वृद्धजनों के ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर सहित धडक़न और अन्य प्रकार की जांच भी की गई। तथा बदलते मौसम को देखते हुए वृद्धजनों की विशेष देखभाल करने पर जोर दिया गया।
शिविर में प्रमुख रूप से डॉ. जी सी दीवान, वृद्ध आश्रम संचालिका रूचि ठाकुर, एरिया प्रोजेक्ट मैनेजर धर्मेंद्र भारद्वाज, लैब टेक्नीशियन प्रमिला राणा, स्टाफ नर्स मनीषा साहू, फार्मेसिस्ट तीरथ पटेल आदि उपस्थित थे।