महासमुन्द

स्वस्थ भारत की ओर कदम: 1 सीजी नेवल यूनिट एनसीसी रायपुर द्वारा वॉकथॉन
02-Nov-2025 3:37 PM
स्वस्थ भारत की ओर कदम: 1 सीजी नेवल यूनिट एनसीसी रायपुर द्वारा वॉकथॉन

लखोली बना युवाओं के जोश और अनुशासन का

साक्षी, एनसीसी कैडेट्स ने दिया  फिटनेस का संदेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 2 नवंबर। लखोली गांव का वातावरण रविवार की सुबह कुछ अलग ही था। हल्की धूप, ठंडी हवा और अनुशासित कदमों की गूंज ने पूरे क्षेत्र को एक प्रेरक ऊर्जा से भर दिया। यह अवसर था 1 सीजी नेवल यूनिट एनसीसी रायपुर (मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ निदेशालय) द्वारा आयोजित वॉकाथन का। जिसमें मोस्ट एंटरप्राइजिंग नेवल यूनिट तथा एनुअल ट्रेनिंग कैम्प - 151 के एनसीसी कैडेट्स ने भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह ठीक 7.30 बजे एनसीसी ट्रेनिंग सेंटर, लखोली से हुई। मुख्य अतिथि हीरामन साहू, ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत लखोली व कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कमांडर पी अनिरुद्ध ने संयुक्त रूप से वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ग्राम प्रधान ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी के ये अनुशासित युवा देश की रीढ़ हैं। इनकी ऊर्जा और सेवा भावना समाज के हर कोने तक पहुंचनी चाहिए।

वॉकाथन के दौरान कैडेट्स ने पूरे गांव में मार्च करते हुए ‘स्वच्छ भारत - स्वस्थ भारत’, ‘फिट बॉडी, फिट माइंड, फिट इंडिया’ जैसे नारों से वातावरण को गूंजायमान कर दिया। ग्रामीणों ने भी सडक़ किनारे खड़े होकर कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया।

इस वॉकाथन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण समाज में  स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना था। कैडेट्स ने लोगों को बताया कि शारीरिक फिटनेस केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि राष्ट्रीय जिम्मेदारी है। स्वस्थ नागरिक ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। एनसीसी अधिकारीगणों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन न केवल कैडेट्स में नेतृत्व और अनुशासन की भावना को मजबूत करते हैं, बल्कि उन्हें समाज सेवा के लिए भी प्रेरित करते हैं। इस वॉकथॉन में प्रशिक्षण शिविर के दौरान सीखे गए अनुशासन, टीमवर्क और सामूहिक भावना की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

 

कार्यक्रम के अंत में लखोली ग्राम पंचायत प्रांगण में समापन समारोह आयोजित किया गया, जहां सभी कैडेट्स को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि एनसीसी केवल यूनिफॉर्म पहनने का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह एक जीवनशैली है जो सेवा, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का संदेश देती है। मुख्य अतिथि हीरामन साहू ने एनसीसी यूनिट और प्रशिक्षकों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन गांव के युवाओं को नई दिशा प्रदान करते हैं और समाज को स्वस्थ एवं स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। कैडेट्स ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि वे अपने जीवन में स्वच्छता, फिटनेस और देशसेवा की भावना को निरंतर आगे बढ़ाते रहेंगे। इस दौरान लेफ्टिनेंट कमांडर अखिल शर्मा व अन्य अधिकारीगण व स्टाफ उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट