महासमुन्द
महासमुंद, 2 नवंबर। जिले के बसना थाना क्षेत्र के ग्राम बम्हनी में केशरपुर मोड़ के पास बस की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान एक की मौत हो गई।
ग्राम बिलखंड निवासी मृतक के चाचा रामसिंह बरिहा ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 31 अक्टूबर को उसका भतीजा राजेश बरिहा अपने दोस्त जगत राम बरिहा और भगतराम बरिहा के साथ बिना नंबर बाइक से अपने रिश्तेदार के घर कफन-दफन के लिए ग्राम धनसीर गए थे। बाइक को राजेश बरिहा चला रहा था। वापस आते समय केशरपुर मोड़ के पास ग्राम बम्हनी में दोपहर करीबन 2.30 बजे बसना की ओर जा रही बस सीजी 10 जी 0941 के चालक ने अपने वाहन को तेज और लापरवाही पूर्वक चलाकर बाइक को सामने से ठोकर मार दी।
इससे राजेश बरिहा के सिर, पैर और हाथ में व जगत राम बरिहा के माथे व भगतराम बरिहा को अंदरूनी चोटें आईं। तीनों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल बसना ले जाया गया।
घटना की सूचना के बाद रामसिंह सरकारी अस्पताल बसना पहुंचा, जहां राजेश बरिहा और जगतराम बरिहा बेहोश थे। भगतराम थोड़ा-थोड़ा बातचीत कर रहा था। इलाज के दौरान कुछ देर बाद राजेश बरिहा की मौत हो गई। जगतराम बरिहा और भगत राम बरिहा का इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ अपराध दर्ज करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया है।