महासमुन्द

देवउठनी एकादशी, पूजा के लिए गन्ना बाजार में
01-Nov-2025 3:20 PM
देवउठनी एकादशी, पूजा के  लिए गन्ना बाजार में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,1नवम्बर। आज महासमुंद जिले में देवउठनी एकादशी का पर्व श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जा रहा है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को देवोत्थान या प्रबोधिनी एकादशी कहा जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान विष्णु आषाढ़ मास की शुक्ल पक्ष की एकादशी से योगनिद्रा में चले जाते हैं और चार महीने बाद आज ही के दिन जागते हैं। इन चार महीनों को चातुर्मास कहा जाता है। जिसके दौरान विवाह, गृह प्रवेश और अन्य शुभ कार्य नहीं किए जाते। आज के दिन भगवान विष्णु अपनी निद्रा से जागते हैं और सभी मांगलिक कार्यों की पुन: शुरुआत होती है।

 

 आज श्रीहरि और तुलसी के पूजन का शुभ मुहूर्त सुबह 11 बजकर 42 मिनट से शुरू और समापन दोपहर 12 बजकर 27 मिनट पर बताया गया है। तुलसी विवाह के लिए जिला मुख्यालय में कोतवाली के सामने, नेहरू चौक के अलावा सडक़ों के किनारे भारी तादात में गन्ना बिकने के लिए पहुंचा है। गन्ना बेचने वाले किसानों के मुताबिक इस बार गन्ना पचास रुपए से लेकर दो सौ रुपए जोड़ी तक है। 


अन्य पोस्ट