महासमुन्द

मोदी के कार्यक्रम में शामिल होंगे 18 हजार लोग
27-Oct-2025 5:45 PM
मोदी के कार्यक्रम में शामिल होंगे 18 हजार लोग

भाजपा में मंडलों की बैठक, ज्यादा से ज्यादा भीड़ लाने पर जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 27अक्टूबर। राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष पर एक नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विभिन्न कार्यक्रमों में महासमुंद जिले से 18 हजार लोगों की भीड़ जुटाने की कवायद तेज हो गई है। भाजपा जिला संगठन ने मोर्चा सम्हालकर मंडलों में बैठकें शुरू कर दी है। दूसरी ओर प्रत्येक पंचायत से 5-5 चार पहिया वाहनों के जरिये ग्रामीणों को नवा रायपुर ले जाने का मौखिक आदेश सरपंच-सचिवों को दिया गया है। फंड नहीं होने से सरपंच-सचिवों की चिंता बढ़ गई है। महिनों से पंचायतें मूलभूत और 15 वें वित्त की राशि का इंतजार कर रही है। पता चला है कि पंचायत सचिवों को दीपावली पूर्व सितंबर का वेतन मिल सका है।

जानकारी अनुसार प्रत्येक पंचायत से 5-5 चार पहिया वाहनों से ग्रामीणों को नवा रायपुर अटल नगर ले जाने का मौखिक फरमान जारी हुआ है। इस फरमान के बाद सरपंच और सचिवों की चिंता बढ़ गई है। खास बात यह है कि और 15वें वित्त आयोग की राशि महिनों बाद भी पंचायतों के खाते में नहीं आई है। इस वजह से पंचायतों के जरूरी कामकाज भी अटके हुये हैं। ऐसे में सरपंच, सचिव अपने पंचायत क्षेत्र से कार, जीप, बोलेरो, सूमो जैसी 5 वाहनों से ग्रामीणों को नवा रायपुर लेकर जायेंगे। पेट्रोल.डीजल, रास्ते में चाय.पान की व्यवस्था यह सब नगदी में कराना होगा।

मालूम हो कि एक नवम्बर को आयोजित भव्य राज्योत्सव का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुभारंभ करेंगे। इसके पूर्व वहां रोड शो होगा। राज्योत्सव को यादगार बनाने के लिये तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। साथ ही प्रदेश भर से भारी भीड़ जुटाने की तैयारी भी की जा रही है। सिर्फ  महासमुंद जिले से 18 हजार लोगों को ले जाने की मशक्कत की जा रही है। इसके लिये मंडलों में बैठकें लेकर प्रत्येक मंडल से ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोगों को नवा रायपुर ले जाने की कोशिशों में भाजपा संगठन जुटा हुआ है। अधिकांश मंडलों में बैठकों की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

 

भाजपा जिला संगठन ने महासमुंद जिले से 18 हजार लोगों को नवा रायपुर ले जाने का लक्ष्य रखा है। इस हिसाब से 360-370 बसों की व्यवस्था करनी पड़ेगी। जाहिर है इतनी बसें जिले में नहीं मिलेगी। पता चला है कि इसलिये दूसरे जिलों से इसकी व्यवस्था परिवहन अमले द्वारा की जायेगी। जिला संगठन द्वारा तत्संबंध में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी जायेगी। प्रत्येक मंडल के अंतर्गत गाँवों की संख्या और जाने वाले ग्रामीणों की संख्या की दृष्टि से बसें उपलब्ध कराई जाएगी।


अन्य पोस्ट