महासमुन्द

महासमुंद: 362 ट्रांसफार्मरों में से 50 फीसदी के फ्यूज बॉक्स खुले हैं, सारे रिहायशी इलाकोंं, स्कूल-कालेजों के पाास
27-Oct-2025 5:32 PM
महासमुंद: 362 ट्रांसफार्मरों  में से 50 फीसदी के फ्यूज बॉक्स खुले हैं, सारे रिहायशी इलाकोंं, स्कूल-कालेजों के पाास

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 27 अक्टूबर। महासमुंद शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में पचास फीसदी ट्रांसफार्मरों के नीचे लगे डीबी -फ्यूज बॉक्स खुले हैं। अधिकांश बॉक्स मुख्य मार्ग और रिहायशी इलाकों में होने के कारण लोगों के सिर पर 24 घंटे खतरा मंडरा रहा है। इन खुले फ्यूज बॉक्स के बीच मजबूरी में लोगों को रहना और राहगरों को सडक़ से गुजरना पड़ रहा है।

महासमुंद शहर में कुल 362 ट्रांसफॉर्मर लगे हैं। इसमें से रिहायशी इलाकों में लगे लगभग 50 प्रतिशत ट्रांसफॉर्मर के फ्यूज बॉक्स खुले हैं। शहर के मिनी स्टेडियम के पास शिशु संस्कार केंद्र पब्लिक स्कूल और स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम कॉलेज भी है। यहां ट्रांसफार्मर का फ्यूज बाक्स एक साल से भी अधिक समय से खुले हैं। कर्मचारी अक्सर सुधारने के लिए पहुंचते हैं, लेकिन अनदेखी कर बॉक्स को बंद किए बगैर लौट जाते हैं। स्कूल और कॉलेज में भी विद्यार्थियों का आना-जाना लगा रहता है।

 

इसी तरह नगर के प्रमुख चौक-चौराहों में शास्त्री चौक से गांधी चौक जाने वाली मार्ग में 3 ट्रांसफार्मर सडक़ किनारे ही लगे हैं। इसमें से दो ट्रांसफॉर्मर के बॉक्स खुले हुए हैं। दिनभर लोगों का आवागमन इस रास्ते से होता है। बॉक्स के समीप मवेशी भी घूमते रहते हैं। अन्य पशुओं के भी करंट की चपेट में आने खतरा बना रहता है।

नगर के सबसे व्यस्त चौक लोहिया चौक में रोजाना कई तरह के आयोजन होते हैं। शेड के पास ही ट्रांसफार्मर का फ्यूज बाक्स खुला है। आसपास के दुकानदारों ने बताया कि शिकायत के बाद भी कर्मी इसे बंद नहीं करते। वहीं नेशनल हाइवे-353 किनारे सेंट्रल बैंक आफ इंडिया के बाहर ट्रांसफार्मर का बॉक्स खुला है। बैंक में आये दिन हजारों लोग आते जाते हैं। इन सभी पर खतरा मंडराता रहता है।

इसी तरह के हालात शहर के रिहायशी इलाकों में भी हैं। बॉक्स खुले होने के कारण कई बार फाल्ट आने की शिकायतें भी आती है। कई स्थानों पर बिजली ट्रांसफॉर्मर का रखरखाव ठीक नहीं होने से तेल का रिसाव होता है। कभी भी शॉर्ट सर्किट होने की संभावना बनी रहती है। इसी तरह के हालात जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी हैं जहां विभाग ने किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं की है।


अन्य पोस्ट