महासमुन्द
अर्जुनी परिक्षेत्र का मामला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,27अक्टूबर। महासमुंद वन क्षेत्र के नजदीकी बलौदाबाजार वनमंडल अंतर्गत अर्जुनी वन परिक्षेत्र में एक जंगली बायसन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृत बायसन एक गर्भवती मादा थी। जिसकी उम्र करीब 7 से 8 वर्ष बताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और वन विभाग में हडक़ंप मचा हुआ है। पहली नजर में आशंका जताई जा रही है कि शिकारियों द्वारा लगाए गए विद्युत प्रवाह युक्त तार की चपेट में आने से बायसन की मौत हुई है। बायसन के शिकार की इस घटना पर वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लापरवाह ीपर वनरक्षक को निलंबित कर दिया है।
जानकारी अनुसार ग्रामीणों ने जंगल में बायसेन का शव देख इसकी सूचना वन अमले को दी। मौके पर पहुंची टीम ने पाया कि बायसन का शरीर झुलसा हुआ है। जिससे करंट लगने की आशंका और गहरी हो गई। इस दौरान यह भी सामने आया कि मृत बायसन गर्भवती थी तथा करंट की चपेट में आने से गर्भस्थ शावक की भी मृत्यु हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि घटनास्थल के कुछ मीटर की दूरी पर बिजली का तार गुजर रहा है। संदेह जताया जा रहा है कि इसी तार के जरिए शिकारियों ने करंट बिछाकर बाइसन को निशाना बनाया। यह भी जानकारी मिली कि बायसन की मौत के बाद शिकारियों ने उसका कुछ अंग आसपास फेंक दिया। जिससे अवैध शिकार की पुष्टि की जा सकती है।
वन विभाग ने प्राथमिक जांच में गांव के ही तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। जबकि एक और संदिग्ध आरोपी की तलाश जारी है। हिरासत में लिए गए व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। वन विभांग का कहना है कि मामले की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी। घटना की सूचना पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पशु चिकित्सकों की टीम को बुलाकर पोस्टमार्टम कराया गया।
रिपोर्ट तैयार किए जाने के बाद वन नियमों के अनुसार बायसन को जला दिया गया। कार्रवाई वन अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। करंट से मौत की पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी। दोषियों के खिलाफ अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।