महासमुन्द

हादसे में घायल स्वास्थ्य कर्मचारी की 4 दिन बाद अस्पताल में मौत
27-Oct-2025 5:14 PM
हादसे में घायल स्वास्थ्य कर्मचारी की 4 दिन बाद अस्पताल में मौत

मानपुर में 108 एम्बुलेंस का स्वास्थ्य कर्मी था मृतक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 27 अक्टूबर। मोहला-मानपुर जिले  में 108 एम्बुलेंस और ट्रक भिड़ंत की घटना में जख्मी  एक स्वास्थ्य कर्मचारी की 4 दिन बाद अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

मृतक मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बतौर इमरजेंसी मेडिकल  टेक्निशियन के पद पर पदस्थ था। वह 15 वर्षों से इस पद पर कार्यरत था। बीते दिनों 22 अक्टूबर को 108  एम्बुलेंस और ट्रक आपस में भिड़ गए थे। इस घटना में टेक्निशियन जख्मी हुआ था। रविवार सुबह राजधानी रायपुर के एक निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे कर्मी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

 

मिली जानकारी के मुताबिक 22 अक्टूबर की रात को टेक्निशियन घनश्याम साहू 108 एम्बुलेंस चालक के साथ एक मरीज को लेकर राजनांदगांव जा रहे थे। इस बीच मानपुर से करीब 5 किमी दूर स्टेट हाईवे में खड़ी एक ट्रक से एम्बुलेंस जा भिड़ी। इस हादसे में टेक्निशियन घनश्याम साहू को गहरी चोट पहुंची। चालक समेत 108 में सवार मरीज व परिजनों को हल्की चोट आई।

घायल कर्मी को राजनंादगांव मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां से उसे रायपुर रिफर किया गया था। रायपुर में वह 4 दिनों से  जीवन के लिए संघर्ष कर रहा था। वेंटिलेटर में उसे रखा गया था। बताया जा रहा है कि डेढ़ दशक से पूरे इलाके में घनश्याम साहू ने स्वास्थ्य सेवा के मामले में काफी संवेदनशीलता के साथ कार्य किया। उसने अपने कार्यकाल में कई लोगों की आपात स्थिति में जान बचाई। मृतक मूलत: बालोद जिले का रहने वाला था। अपने पीछे वह पत्नी और दो बच्चों का परिवार छोड़ गया। स्वास्थ्य विभाग में घटना से मातम पसरा हुआ है।


अन्य पोस्ट