महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 अक्टूबर। जिला पुलिस ने दीपावली पर्व पर नगर के बालाजी होटल में रात के अंधेरे में चल रहे जुआ पर छापामार कार्रवाई कर 18 जुआरियों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में पुलिस ने कल शनिवार को होटल को सील कर दिया है।
मामला 23 अक्टूबर की रात का है। रात को बालाजी होटल के तीसरे मंजिल में जुआ खेलने वालों को पुलिस की टीम ने आधी रात 1.30 बजे दबिश देकर 18 लोगों को हिरासत में लिया था। मौके से पुलिस ने ताशपत्ती, 7.64 लाख कैश, 10 वाहन और 19 मोबाइल जब्त किया था। जुआ खेलने की सूचना पर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के साथ डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम बालाजी होटल पहुंची। जहां उन्होंने पहले होटल मे रहने वालों को बाहर निकाला, जिसके बाद होटल को छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध एक्ट के तहत सील कर दिया। बालाजी होटल पर सील करने की कार्रवाई के बाद एडिशनल एसपी प्रतिभा पाण्डेय ने बताया कि होटल संचालक अजय नायडू फरार चल रहा है उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए बालाजी होटल को सील किया गया है।