महासमुन्द
पुलिस बदमाशों की क्रिमिनल रिकार्ड भी खंगाल रही
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 अक्टूबर। जिले के सरायपाली पेट्रोल पंप में पेट्रोल भराने आए एक युवक के साथ बाइक सवार तीन बदमाशों ने बंदूक और चाकू दिखाकर लूटपाट कर लिया। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, वहीं एक फरार है। घटना बीते 23 अक्टूबर की शाम करीब 4.30 बजे की बताई गई है।
सरायपाली पुलिस को प्रार्थी बसंत कुमार साहू निवासी बलौदा ने बताया कि वह सरायपाली के एक अस्पताल में फार्मासिस्ट है। बीते 23 अक्टूबर की शाम 4.30 बजे श्री होटल के सामने पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भराने गया था। उसी समय बाइक ओडी 03 ए 1453 में अजित लाला, हिमांशु सोना और दीपक डडसेना उसके पास आए। इस दौरान अजित लाला अपने पास एक छोटा बंदूक और हिमांशु सोना चाकू रखा था। दोनों उसे पेट्रोल पंप के वाशरूम में ले गए। जहां चाकू और बंदूक दिखाकर 500 रुपए लूट लिया। आरोपियों ने उससे और पैसे मांगने लगेए जिस पर उन्होंने पेट्रोल ऑनलाइन भरवाने की बात कही। पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने पेट्रोल पंप के बार कोड में 250 रुपए ऑनलाइन जमा कराए और कर्मचारियों से नकद 250 रुपए लेकर फरार हो गए।
आरोपियों ने बसंत को इस बात को किसी से बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। बसंत ने घटना की शिकायत सरायपाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने लुटेरों के खिलाफ अपराध दर्ज किया और सराईपाली में उनकी तलाश शुरू की और दोनों आरोपी हिमांशु सोना और दीपक डडसेना को गिरफ्तार किया है। जबकि घटना में शामिल एक आरोपी अजीत लाल फरार समाचार लिखे जाने तक फरार तक है। पुलिस जांच में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने नशे के लिए युवक से लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था। मामले में पुलिस बदमाशों की क्रिमिनल रिकार्ड भी खंगाल रही है।