महासमुन्द
महामाया तालाब की सफ ाई, पूजा के लिए घाट तैयार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,25अक्टूबर। सूर्योपासना और लोक आस्था का महापर्व कार्तिक छठ पूजा इस साल 25 अक्टूबर को नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ है। चार दिनों तक चलने वाला यह पर्व स्वच्छता, आत्मसंयम और श्रद्धा का अद्भुत संगम माना जाता है। छठ पर्व को लेकर महासमुंद नगर में तैयारी शुरू हो चुकी है। महामाया तालाब की सफ ाई कर पर्व के लिए तैयार किया गया है।
पं. सुभाष तिवारी के अनुसार पहले दिन नहाय-खाय के अवसर पर व्रती महिलाएं नियमपूर्वक स्नान कर सात्विक भोजन ग्रहण करती हैं और छठ मईया की आराधना कर व्रत का संकल्प लेती हैं। पंडित तिवारी ने बताया कि छठ मईया की उपासना से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आती है। यह पर्व लोकआस्था और आत्मसंयम का अनोखा प्रतीक है। जिसकी जड़ें पौराणिक काल तक जाती हैं।
छठ महापर्व की कथा के अनुसार प्राचीन काल में राजा प्रियव्रत और उनकी पत्नी मालिनी संतानहीन होने के कारण अत्यंत दुखी थे। महर्षि कश्यप के सुझाव पर उन्होंने पुत्रेष्टि यज्ञ किया। परंतु रानी से जो संतान उत्पन्न हुई, वह मृत जन्मी थी।
दु:ख से व्याकुल राजा-रानी जीवन त्यागने ही वाले थे कि तभी देवी षष्ठी प्रकट हुईं और राजा से बात की। राजा प्रियव्रत ने देवी की आज्ञा अनुसार कार्तिक शुक्ल षष्ठी के दिन व्रत रखकर पूजा की। जिसके फलस्वरूप रानी मालिनी को पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई।
तभी से इस व्रत को छठ पूजा या षष्ठी व्रत के रूप में मनाने की परंपरा चली आ रही है। इसी को लेकर आज 25 अक्टूबर को लोक आस्था खाय के साथ शुरू हुआ है जो कल 26 अक्टूबर रविवार को खरना के अनुष्ठान के साथ निर्जला उपवास, सायंकाल गुड़ की खीर का भोग लगाकर प्रसाद ग्रहण करेंगी। 27 अक्टूबर को डूबते सूर्य को संध्या अघ्र्य अर्पित करने के बाद 28 अक्टूबर को उगते सूर्य को अघ्र्य देकर व्रती अपने व्रत का पारण करेंगी। इस तरह यह चार दिवसीय महापर्व पूरा हो जाएगा। े