महासमुन्द
महासमुंद, 22अक्टूबर। नगर के श्रीराम मंदिर महासमुंद में एक अधिवक्ता की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना रविवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक चन्द्रशेखर सोनी (55) श्रीराम मंदिर महासमुंद के रहने वाले थे और महासमुंद में विशेष लोक अभियोजक थे। सुबह घर की साफ - सफाई कर पेंट कर रहे थे। इस दौरान फ्रीज के पास पेंट गिर गया। जहां फ्रीज में प्रवाहित करंट के संपर्क में आने से वे गंभीर रूप से झुलस गए। तत्काल उन्हें आनन-फानन में प्राइवेट वाहन से अस्पताल ले जाया गया।
जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। देर शाम होने के कारण पीएम नहीं हो पाया था। पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना कर रही है। दिवाली त्योहार में इस तरह की घटना से इधर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था। इधर महासमुंद अधिवक्ता संघ ने दो मिनट मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी।