महासमुन्द

सम्मेलन से भूखे लौटे किसान, किसी को मात्र चावल मिला-किसी को पानी भी नहीं
19-Oct-2025 3:33 PM
सम्मेलन से भूखे लौटे किसान, किसी को मात्र चावल मिला-किसी को पानी भी नहीं

सुबह से ही पहुंचने लगे थे सरायपाली-बसना-झलप-पिथौरा के किसान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,19 अक्टूबर। जिला मुख्यालय में कृषि विभाग द्वारा शनिवार को आयोजित जिला स्तरीय किसान सम्मेलन में अव्यवस्था का आलम रहा। दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे किसानों के लिए न तो खाने-पीने की समुचित व्यवस्था थी, न ही बैठने या छांव का इंतजाम। ऐसे में किसानों ने कहा कि यह सम्मेलन नहीं विभागीय कुप्रबंधन का मेला है।

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे सैकड़ों किसान तेज धूप में पसीने से तर-बतर होकर खुले आसमान तले खाना खाते नजर आए। यह सम्मेलन महासमुंद के बागबाहरा रोड स्थित संजय कानन में डॉ.भीमराव अंबेडकर मंगल भवन में आयोजित किया गया था। सुबह 6 बजे से ही हजारों सरायपाली, बसना, झलप, पिथौरा और बागबाहरा क्षेत्र से वहां पहुंचने लगे थे। लेकिन किसानों के उत्साह को विभागीय अव्यवस्था और कुप्रबंधन ने ठंडा कर दिया। कार्यक्रम स्थल पर न तो पंखे और कुर्सियों की व्यवस्था थी, न ही जलपान की।

दोपहर होते-होते स्थिति इतनी खराब हो गई कि भूखे किसानों की लंबी कतारें भोजन स्टॉल के सामने लग गई। दो घंटे की प्रतीक्षा के बाद कई किसानों को सिर्फ  चने की सब्जी दी गई। जबकि कुछ को पानी का पाउच थमाकर वापस भेज दिया गया। सरायपाली से आए किसान गोविंद सेन कहते हैं कि 40 से अधिक किसानों के साथ सुबह से सम्मेलन स्थल पर पहुंचे थे। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि दोपहर 3 बजे जब खाने के लिए कहा गया, तब तक चावल-दाल, पापड़ जैसी चीजें खत्म हो चुकी थीं। इतनी दूर से आकर हमें लौटना पड़ा। विभाग ने हम किसानों के साथ मजाक किया है।

 

किसानों ने बताया कि सुबह से लेकर दोपहर 3 बजे तक न भोजन मिला, न पानी। इससे किसानों की नाराजगी चरम पर पहुंच गई। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे कुछ जनप्रतिनिधियों ने भी भोजन व्यवस्था पर असंतोष जाहिर किया। इस तरह अव्यवस्था और लापरवाही ने इस आयोजन की पोल खोल दी।

ग्रामीणों का कहना है कि यह विभागीय कुप्रबंधन का मेला था। किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने की बात कहकर बुलाया गया। लेकिन मूलभूत सुविधाओं तक की अनदेखी कर दी गई। इस मामले मेंं कृषि उप संचालक फागुराम कश्यप का कहना है कि बहुत से लोगों के लिए कोई व्यवस्था होती है तो कोई न कोई न कम रह जाती है। अगली बार व्यवस्था सुधारने की कोशिश करेंगे।


अन्य पोस्ट