महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 अक्टूबर। बागबाहरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम दारगांव में चीतल के शिकार का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार शिकार किए गए चीतल के मांस के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद किसी ग्रामीण ने वन विभाग को सूचना दी। गांव के चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुँची। जांच के दौरान चीतल का सिर बरामद किया गया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि मृत चीतल की उम्र लगभग 5 से 7 वर्ष रही होगी।
वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए गांव के चार युवकों — जोकर ठाकुर, मिलन ठाकुर, शक्ति ठाकुर और शोभित ठाकुर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
बागबाहरा वन परिक्षेत्र रेंजर लोकनाथ ध्रुव ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर ग्राम दारगांव में टीम भेजी गई थी। जांच के दौरान चीतल का सिर बरामद हुआ है और मामले की आगे पड़ताल की जा रही है।