महासमुन्द

महासमुंद मेडिकल कॉलेज की समस्याओं का शीघ्र होगा समाधान-स्वास्थ्य मंत्री
17-Oct-2025 8:05 PM
 महासमुंद मेडिकल कॉलेज की समस्याओं का शीघ्र होगा समाधान-स्वास्थ्य मंत्री

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 17 अक्टूबर। महासमुंद मेडिकल कॉलेज से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व विधायक एवं चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ.विमल चोपड़ा के नेतृत्व में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से भेंट की। डॉ.चोपड़ा सहित प्रतिनिधिमंडल ने डीन और उनके स्टाफ  द्वारा पूर्व में रखी गई समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की। जिस पर स्वास्थ्य मंत्री ने गंभीरता दिखाते हुए उनके त्वरित निवारण का आश्वासन दिया।

चर्चा के दौरान मेडिकल कॉलेज महासमुंद के छात्रों के लिए हॉस्टल की व्यवस्था न होने की समस्या डॉ.चोपड़ा ने स्वास्थ्य मंत्री को बताई। जिस पर स्वास्थ्य मंत्री ने तत्काल वन मंत्री से फोन पर बात की और उन्होंने वन मंत्री से अनुरोध किया कि महासमुंद वन विभाग के प्रशिक्षण केंद्र का खाली हॉस्टल एक वर्ष की अवधि के लिए मेडिकल कॉलेज को दिया जाए। इस हॉस्टल का उपयोग अस्थायी मेडिकल कॉलेज हॉस्टल के रूप में किया जाएगा। तब तक मेडिकल कॉलेज का अपना स्थायी हॉस्टल बनकर तैयार हो जाएगा। जिस पर वन मंत्री ने शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

इसके साथ सीआर्म और सीटी स्कैन मशीनों की खरीदी के लिए राशि सीजीएमएससी के पास होने के बावजूद खरीदी न हो पाने के मामले पर स्वास्थ्य मंत्री ने तत्काल स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया और सीजीएमएससी के एमडी से बात की। स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी स्पष्ट तौर पर निर्देश दिया है कि क्रय खरीदी प्रक्रिया में विलंब न हो। यदि एक महीने के भीतर खरीदी संबंधी फाइलें क्लियर नहीं होती हैं, तो स्वास्थ्य मंत्री स्वयं मेडिकल कॉलेजों को सीधे खरीदी की अनुमति प्रदान कर देंगे।

डॉ. चोपड़ा ने बताया कि आरक्षण रोस्टर न मिलने के कारण संविदा कलेक्टर दर पर होने वाली स्थानीय भर्तियां रुकी हुई हैं।

इस पर भी स्वास्थ्य मंत्री ने शीघ्र ही आरक्षण रोस्टर हेतु प्रयास करने का आश्वासन दिया। डीन को 20 लाख रुपए तक की अनुमति देने के विषय में प्रतिनिधिमंडल ने ध्यान आकर्षित कराया कि डीन केवल प्रस्ताव भेज सकते हैं। जबकि खरीदी का अधिकार सीजीएमएससी के पास ही है। डा. चोपड़ा ने मांग की कि प्रशासनिक स्वीकृति के लिए मंत्रालय या सीजीएमएससी पर निर्भरता खत्म करते हुए 20 लाख तक की खरीदी का अधिकार सीधे डीन को दिया जाए।

स्वास्थ्य मंत्री से मिले आश्वासन के बाद डॉ. विमल चोपड़ा शीघ्र ही सीजीएमएससी के अध्यक्ष दीपक म्हस्के से मिलकर कॉलेज की सभी समस्याओं के हल के लिए आगे की चर्चा करेंगे। डॉण् चोपड़ा ने कहा कि वे हॉस्टल के विषय में दीपावली के बाद वन मंत्री और सीसीएफ  से मिलकर इस समस्या को जल्द से जल्द हल करने का प्रयास करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में डॉ.चोपड़ा के साथ डा.अखिलेश दुबे, डा. किशोर सिन्हा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।  


अन्य पोस्ट