महासमुन्द

हाईस्कूल मैदान में सजा पटाखा बाजार, सुरक्षा में खामियां भी
17-Oct-2025 3:25 PM
हाईस्कूल मैदान में सजा पटाखा बाजार, सुरक्षा में खामियां भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,17अक्टूबर। दीपावली नजदीक है। बाजार सज चुके हैं और पटाखों की बिक्री शुरू होने को है। लेकिन महासमुंद शहर के हाईस्कूल मैदान में सजी पटाखा दुकानों ने इस बार सुरक्षा की सारी सीमाएं लांघ दी हैं। मैदान में लगी 58 अस्थाई दुकानों में न तो सुरक्षा के इंतजाम हैं, न ही वहां पर नियमों का पालन हो रहा है। हालात यह हैं कि जहां पटाखे रखे गए हैं, वहीं बगल में माचिस, लाइटर और बीड़ी.सिगरेट की दुकानें हैं। यानी चिंगारी और बारूद साथ-साथ मौजूद हैं। ऐसे में दीपावली से पहले यह पटाखा बाजार एक बड़ा खतरा बन गया है।

पटाखा बेचने के उत्साह में व्यापारियों ने न केवल बगैर लाइसेंस दुकानें लगा लीं। बल्कि सुरक्षा मानकों की भी अनदेखी की है। नगर सेना, अग्निशमन विभाग और एसडीआरएफ  रायपुर ने पहले ही एडवायजरी जारी कर स्पष्ट निर्देश दिए थे कि दुकानें पूरी तरह टिन शेड से बननी चाहिए और ज्वलनशील वस्तुओं का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। बावजूद इसके मैदान में टिन शेड की एक भी दुकान नहीं है। हर दुकान बांस, लकड़ी और तिरपाल से बनाई गई है। जिनमें कई जगह टेंट और कपड़े का इस्तेमाल हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां कई दुकानों के पास चाय.पान और कहना है कि यहां कई दुकानों के पास चाय.पान और बीड़ी-सिगरेट की दुकानें भी चल रही हैं। खरीदार खुले में धूम्रपान करते नजर आते हैं। ऐसे में अगर एक भी चिंगारी उड़ी तो यह पूरा इलाका मिनटों में आग की लपटों में बदल सकता है।

 

बिना टिन शेड,बिना लाइसेंस और बिना सुरक्षा के चल रही ये दुकानें किसी भी वक्त हादसे का कारण बन सकती हैं।

पटाखा संघ के अध्यक्ष पंकज साहू ने बताया कि इस बार 58 दुकानों की नीलामी की गई है। पालिका ने 3500 रुपए में दुकानें दी हैं जबकि कई व्यापारियों कहना है कि प्रति दुकान 5500 रुपए किराया वसूला गया है। पटाखा दुकान लगाने वालों से पूछा गया कि दुकान का लाइसेंस कहां है, तो वे इसका जवाब नहीं दे पाए। सिर्फ  इतना कहा कि लाइसेंस अभी नहीं मिला है। वहीं पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि शुक्रवार से दुकानें शुरू होंगी। नियमों के अनुसार किसी भी अस्थाई दुकान को अधिकतम 25 से 30 किलो पटाखे रखने की अनुमति होती है।  लेकिन हाईस्कूल मैदान में लगी 58 दकानों को औसतन 20 किलो भी मानें तो करीब 1500 किलो से अधिक बारूद एक ही स्थान पर जमा है।

जानकारी अनुसार इस साल गुरुवार तक अस्थाई पटाखा लाइसेंस नवीनीकरण के 106 आवेदन आए हैं। लेकिन प्रक्रिया पूरी न होने से अब तक एक भी लाइसेंस जारी नहीं हुआ। ऐसे में सवाल यह भी उठता है कि जब लाइसेंस जारी नहीं हुए तो इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे आखिर आए कहां से? पटाखा मैदान में न तो रेत की व्यवस्था की गई है, न पानी की टंकियां रखी गई हैं। नियमों के अनुसार किसी भी अस्थाई दुकान को अधिकतम 25 से 30 किलो पटाखे रखने की अनुमति होती है। लेकिन हाईस्कूल मैदान में लगी 58 दुकानों को औसतन 20 किलो भी मानें तो करीब 1500 किलो से अधिक बारूद एक ही स्थान पर जमा है।

गौरतलब है कि जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नगर सेना महासमुन्द द्वारा जिले के सभी पटाखा दुकानदारों एवं आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करें। ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। पटाखा दुकानों के लिए अग्नि सुरक्षा के लिए दिए गए दिशा निर्देश में पटाखा दुकान अज्वलनशील सामग्री जैसे टीन शेड से निर्मित होनी चाहिए। किसी भी प्रकार के कपड़ा, बांस, रस्सी या टेंट से नहीं। प्रत्येक दुकान के बीच कम से कम तीन मीटर की दूरी रखी जाए तथा दुकानें आमने-सामने न बनाई जाएं। प्रकाश व्यवस्था के लिए तेल का लैम्प, गैस लैंप या खुली बिजली बत्ती का उपयोग न करें। किसी भी पटाखा दुकान से 50 मीटर के दायरे में आतिशबाजी प्रदर्शन प्रतिबंधित रहेगा।

इसी तरह विद्युत तारों में कोई खुला ज्वाइंट न हो तथा मास्टर स्विच में फ्यूज या सर्किट ब्रेकर अवश्य लगा हो। पटाखा दुकानें ट्रांसफार्मर या हाई टेंशन पावर लाइन के नीचे या पास में न हों। प्रत्येक दुकान में 5 किलोग्राम क्षमता का डीसीपी अग्निशामक यंत्र अनिवार्य रूप से रखा जाए। दुकानों के सामने 500 लीटर पानी की ड्रम एवं बाल्टियों की व्यवस्था की जाए। दुकानों के सामने बाइक या कार की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहे। अग्निशमन विभाग एवं एम्बुलेंस के फोन नंबर दुकान परिसर के प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित किए जाएं। साथ ही अग्निशमन वाहन के आवागमन हेतु पर्याप्त खुला स्थान रखा जाए। जिला अग्निशमन अधिकारी ने सभी व्यापारीए दुकानदार एवं नागरिकों को सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पूर्ण पालन करने कहा है।


अन्य पोस्ट