महासमुन्द

स्वच्छ जलधारा के प्रतीक रहे सितली नाला की खोई हुई पहचान लौटाने की दिशा में ठोस कदम
16-Oct-2025 4:06 PM
स्वच्छ जलधारा के प्रतीक रहे सितली नाला की खोई हुई पहचान लौटाने की दिशा में ठोस कदम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,16अक्टूबर। शहर के ऐतिहासिक और कभी स्वच्छ जलधारा के प्रतीक रहे सितली नाला को उसकी खोई हुई पहचान लौटाने की दिशा में अब ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। स्वाध्याय केंद्र समिति ने नाले के पुनर्जीवन, सफाई और सौंदर्याकरण के लिए लगभग 1 करोड़ रुपए की महत्वाकांक्षी योजना तैयार की है। इस योजना के माध्यम से नाले को न केवल साफ  किया जाएगा। बल्कि उसे शहर के सौंदर्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रतीक के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।

वर्तमान में सितली नाला गंदगी, झाडिय़ां, कांटेदार पेड़ों, मिट्टी, कचरे और पुराने पुल के मलबे से पूरी तरह भर चुका है। कभी जहां लोग नहाने और निस्तारी के लिए इसका उपयोग करते थे, वह प्रवाह अब पूरी तरह रुक चुका है। नाले के इस बिगड़े स्वरूप को देखकर स्वाध्याय केंद्र समिति ने इसकी सफाई और पुनर्निर्माण का बीड़ा उठाया है।

समिति के भूपेंद्र राठौर ने बताया कि इस योजना के तहत नेशनल हाईवे-353 के पुल से लेकर राजा मठ श्मशान घाट तक नाले की सफाई की जाएगी। साथ ही किनारों पर पचरी पथ मार्ग का निर्माण किया जाएगा। ताकि नागरिकों के आवागमन में सुविधा हो और नाला क्षेत्र का सौंदर्य बढ़े।

इस पूरे प्रकल्प के लिए समिति जनसहयोग के साथ-साथ शासन, नगरपालिका, विधायक, सांसद और विभिन्न संस्थानों के सीएसआर फंड से आर्थिक सहयोग जुटाने पर विचार कर रही है। कार्य पर हुई विशेष चर्चा इसी कड़ी में बुधवार को स्वाध्याय केंद्र समिति के पदाधिकारियों और नगर के गणमान्य नागरिकों ने श्मशान घाट से लेकर पुल तक सितली नाला का निरीक्षण किया।                           इस दौरान नाले की वर्तमान स्थिति और कार्य की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

 निरीक्षण के पश्चात इंजीनियर बीआर साहू को परियोजना की प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रारंभिक बैठकें पूरी हो चुकी हैं और अब समिति शीघ्र ही नगर के समाजसेवियों व जनप्रतिनिधियों की एक बैठक स्वाध्याय केंद्र में आयोजित करेगी। जिसमें विस्तृत कार्ययोजना पर निर्णय लिया जाएगा।


अन्य पोस्ट