महासमुन्द

निस्तारी तालाब से अतिक्रमण हटाने की मांग
16-Oct-2025 4:05 PM
निस्तारी तालाब से अतिक्रमण हटाने की मांग

 कलेक्टर से मिले कौवांझर के ग्रामीण, आंदोलन की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 16 अक्टूबर। निस्तारी तालाब से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर कौवांझर के ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है। कब्जा नहीं हटाए जाने की स्थिति में आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

मिली जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बसे  कौवांझर में एक पुराने सार्वजनिक तालाब को बरसों से ग्रामीण नहाने, जानवरों को पानी पिलाने और निस्तारी में उपयोग करते आ रहे हैं। इस तालाब की भूमि पूर्व में शासन के रिकॉर्ड में थी, लेकिन अब वह कथित तौर पर निजी भूमि स्वामी के नाम पर दर्ज हो गई है।

इसी गंभीर त्रुटि और अतिक्रमण से ग्रामवासियों के लिए पेयजल, पहुंच मार्ग और सार्वजनिक सुविधाएं जैसी बड़ी समस्या खड़ी कर हो गई है। जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है। शिकायत एवं कब्जा हटाने की मांग कलेक्टर जनदर्शन में गांव के सरपंच समेत सैकड़ों संख्या में लोगों ने पहुंच कर किया है।

               ग्राम कौवाझर पटवारी हल्का नंबर 7, राजस्व निरीक्षक मंडल पटेवा में स्थित इस तालाब का खसरा नंबर 264 और 263 है। जिसका पुराना नंबर 141-1 और 141-2 है। इसका कुल रकबा 8 एकड़ 37 डिसमिल है। यह तालाब दशकों से गांव की जीवनरेखा रही है। महत्वपूर्ण बात यह है कि अनुविभागीय अधिकारी महासमुंद के आदेश दिनांक 30.12.1963 के अनुसार यह तालाब भूमि शासन में निहित थी। जिसका प्रमाण संशोधन पंजी में भी दर्ज है।  हालांकि वर्तमान राजस्व रिकॉर्ड बी1 खसरा में इस ऐतिहासिक तथ्य की अनदेखी कर दी गई है। वर्तमान में तालाब की भूमि का एक हिस्सा खसरा नं. 264-1, रकबा 3.050 हेक्टेयर, खसरा नं. 264-2, रकबा 0.320 हेक्टेयर घनश्यामदास, सुशील रियाल्टी प्राइवेट लिमिटेड भिलाई के नाम से और खसरा नं.273 रकबा 0.8200 हेक्टेयर श्रीराम सर्विसेस पार्टनर नरेश, रायपुर के नाम पर भूमि स्वामी के रूप में दर्ज हो गया है।


अन्य पोस्ट