महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,16अक्टूबर। कोमाखान वन मंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत उखरा और आश्रित ग्राम अमेरा में इन दिनों एक भालू घूम रहा है। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
पूर्व सरपंच नवनीत नाग ने बताया कि विगत एक माह से भालू रात में गांव में आ जाता है जो गली में घूमते रहता है और सुबह होने के पहले ही भाग जाता है। गांव के पास ही जंगल है। इससे आए दिन जंगली जानवर गांव में खाने की तलाश में पहुंच जाते हैं। मालूम हो कि एक माह पूर्व अमेरा में एक वृद्ध महिला पर भालू ने जानलेवा हमला कर दिया था। जिससे महिला बुरी तरह से घायल हो गई थी। प्राथमिक उपचार के लिए बागबाहरा में भर्ती कराया गया था। साथ ही एक किराना दुकान में रखे गुड़ को भालू ने चट कर दिया था। सुबह होते ही ग्रामीण शोर मचाने से भालू खेत की ओर भाग गया। इसी तरह कोमाखान बिड़ोरा बटोरा कुलिया गांवों में भालू विचरण करते देखा गया है।