महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 14 अक्टूबर। ग्राम नरधा की निवासी मोनिका यादव ने आरोप लगाया है कि बया पुलिस चौकी प्रभारी ने उनके पुत्र कमलेश यादव (23 वर्ष) को रविवार सुबह उनके घर से उठाकर चौकी ले गए, लेकिन अब तक उनके परिजनों को उसकी स्थिति या ठिकाने की जानकारी नहीं दी गई है।
मोनिका यादव का कहना है कि इस संबंध में उन्होंने पुलिस अधीक्षक बलौदाबाजार, गृह मंत्री और मुख्यमंत्री को शिकायत भेजी है तथा अपने पुत्र को वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
परिजनों के अनुसार, बया पुलिस ने ग्राम नरधा में एक व्यक्ति बालाराम के घर शराब की तलाशी लेने छापा मारा था। इस दौरान कमलेश यादव को एक खाली बोतल और एक पाउच के साथ चौकी ले जाया गया। परिवार का आरोप है कि तीन दिन बीत जाने के बावजूद यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कमलेश के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई है।
गांव में यह चर्चा भी है कि युवक को चौकी में पिटाई की गई और बाद में उसके खिलाफ शराब का प्रकरण दर्ज किया गया। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस मामले में ‘छत्तीसगढ़’ ने बया पुलिस चौकी प्रभारी अश्वनी पडवार से संपर्क करने का प्रयास किया गया। उन्हें कॉल किया गया और बाद में व्हाट्सएप संदेश भी भेजा गया, लेकिन समाचार लिखे जाने मंगलवार दोपहर ढाई बजे तक उनका जवाब प्राप्त नहीं हो सका।