महासमुन्द

पर्यटकों के लिए एक नवंबर से खुलेगा बारनवापारा अभयारण्य, सभी तीन गेट में उपलब्ध रहेंगे सफ़ारी वाहन
14-Oct-2025 3:52 PM
पर्यटकों के लिए एक नवंबर से खुलेगा बारनवापारा अभयारण्य,  सभी तीन गेट में उपलब्ध रहेंगे सफ़ारी वाहन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,14 अक्टूबर। बार नवापारा वन्यजीव अभयारण्य बेहद खूबसूरत वन अभयारण्य है। बारिश के बाद इस बार यह अभयारण्य आगामी 1 नवंबर 2025 से पर्यटकों के लिए खुल रहा है। कई खूबियों से लैस बारनवापारा में इस साल सफारी की शुरुआत में थोड़ा विलंब हुआ है। यहां सडक़ों की मरम्मत और ट्रैक का सुधार कार्य चल रहा है। इस बार बारिश लगातार हो रही थी। बहरहाल बारिश के कारण जंगल में हरियाली की बहार है। इस वजह से जब पर्यटक आएंगे तो उन्हें अभूतपूर्व प्राकृतिक नजारा देखने को

मिलेगा।  बारनवापारा में पेड़-पौधे, घास के मैदान और जलस्त्रोत इस समय पूरे सौंदर्य पर है। बलौदाबाजार डीएफओ गणवीर धम्मशील ने बताया कि इस बार प्रशासन ने पर्यटकों के लिए खास व्यवस्था की है। उन्होंने कहा कि इस बार तीनों गेट खोले गए हैं। इन गेटों में रवान, बरबसपुर और बकरीद गेट हैं। यहां से पर्यटकों के लिए प्रवेश की व्यवस्था की गई है। सभी गेटों से सफारी वाहन मिलेंगे और अलग-अलग जोनों में पर्यटकों को घुमाया जाएगा। बताया कि हर नाका से सफारी के लिए अलग-अलग मार्ग और जोन तय किए गए हैं। रवान गेट से मुख्य रूप से हाथी, नीलगाय और हिरण देखने का मौका मिलेगा। बरबसपुर गेट से गुजरने वाले मार्गों में पक्षी प्रेमियों के लिए खास क्षेत्र शामिल है। जहां दुर्लभ पक्षियों की प्रजातियां देखी जा सकती है। बकरीद गेट से जाने पर जंगली भालू और गौर बाइसन दिखाई देंगे। पर्यटकों की सुविधा के लिए इस बार ऑनलाइन और ऑफलाइन बुकिंग दोनों की व्यवस्था की गई है। हर गेट पर अलग अलग वाहन उपलब्ध रहेंगे। जिप्सी और मिनी सफारी वैन दोनों विकल्प रहेंगे।

 

वाहन चालकों और गाइडों को सुरक्षा नियमों की सख्त ट्रेनिंग दी गई है। प्रत्येक सफारी से पहेले और बाद में वाहनों की जांच की जाएगी। अभयारण्य में सुवेनियर काउंटर की शुरुआत की जा रही है जहां पर्यटक बारनवापारा से जुड़ी वस्तुएं खरीद सकेंगे। इनमें स्थानीय कारीगरों द्वारा बनाए गए बांस और लकड़ी के हस्तशिल्प, जंगल की पत्तियों से बने सजावटी आइटम और हस्तनिर्मित कपड़े शामिल होंगे।

इस बार गाइडेड सफारी सिस्टम को और मजबूत किया गया है। सभी गाइडों को स्पेशल ट्रेनिंग दी गई है। जिससे वे पर्यटकों को सुरक्षित और सूचनापूर्ण अनुभव दे सकें।


अन्य पोस्ट