महासमुन्द
बाढ़ की स्थिति-बांध में दरार जैसी समस्या पर यह जल संसाधन विभाग को पहले ही सूचित कर देगा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 अक्टूबर। विज्ञान प्रदर्शनी में बाल वैज्ञानिकों ने बता दिया है कि अब बांधों को स्मार्ट बनकर डुबान क्षेत्र में आने वाले ग्रामों में होने वाली जनहानि फसल हानि को रोका जा सकेगा। दरअसल बांध में एक सुरक्षा प्रणाली लगाकर लोगों को सुरक्षित किया जा सकेगा। अब बाढ़ तथा बांध में दरार जैसी समस्याएं आने पर यह जल संसाधन विभाग को पहले ही सूचित कर देगा।
सेजेस पटेवा कक्षा 12वीं के छात्र सतीश कुमार मन्नाडे ने हाल ही में तुमाडबरी स्टाप डेम में आई समस्या को देखते हुये इससे निजाद पाने के लिये एक मॉडल तैयार किया है जो जल संसाधन विभाग के लिये कारगर होगा। सतीश कुमार ने बताया कि आपदा प्रबंधन को देखते हुये बनाया गया है। इसमें यूएनओ का इस्तेमाल किया गया है जो पॉवर हाउस है। एक सोनिक सेंसर है जो पानी का स्तर दिखाता है। पानी का स्तर ऊपर पहुंचने पर हूटर बजने लगता है और जल विभाग को एसएमएस भेज कर अलर्ट करता है और वहां से कर्मचारी आकर उस एरिया को हाई अलर्ट करते हैं। डेम के गेट पर 3 मोटर लगाया गया है जो गेट को खेल देता है। यह माडल आपदा प्रबंधन जैसे बाढ़ की समस्या से बचने में सहायता करता है। जिससे जान की हानि नहीं होती है। यह मॉडल आने वाले भविष्य में होने वाले बाढ़ कि समस्याओं से बचने में सहायता करेंगे।
मालूम हो कि शालेय बच्चों के वैज्ञानिक सोच को बाहर लाने के उद्देश्य से आशीबाई शासकीय उमा विद्यालय में कल विकासखंड स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिसमें विकासखंड महासमुंद के स्कूलों में सैकड़ों बच्चों ने मॉडल, प्रश्न मंच, संगोष्ठी, सेमिनार व नाटिका के माध्यम से वैज्ञानिक सोच का प्रदर्शन किया। विकासखंड स्तर पर चयनित विद्यार्थी अब जिला स्तर पर प्रदर्शन करेंगे।
कल विज्ञान नाटिका में 3, संगोष्ठी में 2, विज्ञान क्लब में 1, प्रश्न मंच में 6, सेमिनार में 4 प्रतिभागियों ने भाग लिया। वहीं मॉडल में विषयवार स्पर्धा रखी गई थी। इसमें सतत कृषि पर 11, अपशिष्ट प्रबंधन पर 8, हरित उर्जा पर 3, प्रौद्योगिकी पर 18, मनोरंजक गणितीय पर 7, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर 9 तथा जल संरक्षण पर 5 मॉडल आये हुये में थे।
अटल टिंकरिंग लैब प्रभारी तथा विकासखंड नोडल अधिकारी चन्द्रशेखर मिथलेश ने बताया कि यहां प्रदर्शनी में लाए गये मॉडलों सेमिनारों में से प्रत्येक विषयों में 3 का चयन होगा। चयनित विद्यार्थी जिला स्तर पर प्रदर्शन करेंगे। इसे लेकर 13 अक्टूबर को सेजेस आदर्श विद्यालय में जिला स्तरीय आयोजन किया गया है। बाद जिला स्तर पर चयनित विद्यार्थी 30 अक्टूबर को जोन स्तर पर प्रदर्शन करेंगे।
इस दौरान गणितीय मॉडल में प्रथम गितांजली सेन आशी बाई गोलछा विद्यालय, द्वितीय कुसमी ओगरे आशी बाई गोलछा विद्यालय, तृतीय जिज्ञासा यादव सेजेश इंग्लिश नयापारा महासमुंद रहे। उभरती प्रौद्योगिकी में प्रथम दुर्गेश साहू आशी बाई गोलछा विद्यालय, द्वितीय रौनक पाण्डेय द न्यू होली फेथ स्कूल, तृतीय श्रेया खत्री न्यू होली फेथ स्कूल ने प्राप्त किया।