महासमुन्द

महासमुंद के पौने 26 हजार बीपीएल कार्डों पर खतरा, ढाई एकड़ से अधिक जमीन हुई तो राशन कार्ड हो जाएंगे रद्द
09-Oct-2025 4:12 PM
महासमुंद के पौने 26 हजार बीपीएल कार्डों पर खतरा, ढाई एकड़ से अधिक जमीन हुई तो राशन कार्ड हो जाएंगे रद्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,9 अक्टूबर। केंद्र और राज्य सरकार की ओर से मुफ्त राशन का लाभ उठाने वाले बीपीएल कार्डधारकों के लिए चौंकाने वाली खबर है। जिनके पास ढाई एकड़ से अधिक जमीन है, उनके राशन कार्ड अब कटने की कगार पर हैं। केंद्र सरकार ने ऐसी 25776 राशन कार्डधारकों की सूची जारी की है। इसमें 24868 ग्रामीण और 908 शहरी हितग्राही शामिल हैं। इस खबर से कार्डधारकों में हडक़ंप मच गया है और सत्यापन की प्रक्रिया ने उनकी बेचैनी बढ़ा दी है।

सरकार ने ग्राम पंचायत सचिव आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और पटवारी की टीमें बनाकर सत्यापन का जिम्मा सौंपा है। सूची में शामिल कार्डधारकों की जमीन और पात्रता की गहन जांच होगी। अपात्र पाए जाने पर राशन कार्ड तत्काल निरस्त कर दिया जाएगा। हालांकि जिनके पास सामूहिक खाता है और खाता विभाजन नहीं हुआ है। उनके लिए राहत की उम्मीद है। पटवारी द्वारा हिस्से के आधार पर सत्यापन करने पर ऐसे कार्डधारकों के कार्ड निरस्त होने से बच सकते हैं।

मालूम हो कि कार्डधारियों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 और छत्तीसगढ़ खाद्य एवं पोषण सुरक्षा अधिनियम 2012 के तहत मुफ्त राशन मिलता है। राशन कार्ड में किसानों कि चार श्रेणियां है। इसमें भूमिहीन, सीमांत, लघु और वृहद किसान शामिल हैं। अंत्योदय में 35 किलो और प्राथमिकता राशन कार्डधारकों को तीन से पांच सदस्यों तक 35 किलो और प्रत्येक अतिरिक्त सदस्य के लिए 7 किलो मुफ्त राशन मिलता है। नि:शक्तजनों को 10 किलो मुफ्त राशन और एपीएल कार्डधारकों को 10 रुपए निर्धारित है।

 

सूची में कई ऐसे कार्डधारक शामिल हैं, जो प्रधानमंत्री सम्मान निधि का लाभ ले रहे हैं। इनकी जानकारी ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों तक पहुंच चुकी है। कई गांवों में मुनादी करवाकर आधार कार्ड, खसरा, भू.अभिलेख और राशन कार्ड की फोटोकॉपी जमा की जा रही है। इस प्रक्रिया ने विशेष रूप से प्रति किलो की दर से अधिकतम 35 किलो राशन मिलता है। पिछले एक साल से सरकार अपात्र बीपीएल कार्डधारकों की पहचान कर रही है।

पहले चरण में ई-केवायसी के तहत कई बड़े किसानों के नाम कट चुके हैं। अब दूसरे चरण में सात मापदंडों पर सत्यापन हो रहा है। जिनमें ढाई एकड़ से अधिक जमीन, 25 लाख रुपए से अधिक जीएसटी जमा करने वाले और 6 लाख रुपए से अधिक वार्षिक आय वाले परिवार आदि शामिल हैं। इनमें से कोई भी मापदंड पूरा होने पर राशन कार्ड रदद होगा।

खाद्य निरीक्षक अविनाश दुबे ने कहा कि ढाई एकड़ से अधिक जमीन वाले 25776 राशन कार्डधारकों की सूची प्राप्त हुई है। जिसका जांच दलों द्वारा जांच की जाएगी। केवल अपात्र की श्रेणी में आने से ही कार्ड निरस्त होंगेए पात्र हितग्राहियों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। महिलाओं और अन्य हितग्राहियों में चिंता बढ़ा दी है। इस सत्यापन प्रक्रिया ने बीपीएल कार्डधारकों में बेचैनी पैदा कर दी है। कई लोग अपनी पात्रता साबित करने के लिए दस्तावेज जुटाने में लगे हैं।


अन्य पोस्ट