महासमुन्द

ऊबड़-खाबड़ मैदान में गिरते-फिसलते रहे खिलाड़ी, गिट्टियां चुभीं, कुहनियां छिली, फस्र्ट एड तक नहीं
09-Oct-2025 3:54 PM
ऊबड़-खाबड़ मैदान में गिरते-फिसलते रहे खिलाड़ी, गिट्टियां चुभीं, कुहनियां छिली, फस्र्ट एड तक नहीं

राज्य स्तरीय खेल स्पर्धा

6 खिलाडिय़ों को आई गंभीर चोटें, आयोजन में और भी खामिया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 9 अक्टूबर। महासमुंद के मिनी स्टेडियम में आहुत हुई 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में व्यवस्थागत लापरवाही ने खिलाडिय़ों की मेहनत और सुरक्षा दोनों को खतरे में डाल दिया। तीन दिनों से जारी प्रतियोगिता में रग्बी, हैंडबॉल और कबड्डी के मुकाबले तो हुए। लेकिन खेल मैदान की स्थिति देखकर खिलाडिय़ों और कोचों ने नाराजगी जताई। ऊबड़-खाबड़, रेतीली मुरम और गिट्टी से भरे मैदान में खिलाडिय़ों को खेलने पर मजबूर किया। इस दौरान फिसलकर गिरने से छह खिलाड़ी घायल हो गए। आज समाचार लिखतेवक्त बारह बजे सि खेल प्रतिस्पर्धा का समापन कार्यक्रम जारी था।

रग्बी के कोचों का कहना है कि यह खेल सामान्यत: घासयुक्त मैदान में कराया जाता है ताकि खिलाडिय़ों को गिरने पर चोट न लगे। लेकिन यहां मैदान में बजरी और मुरम बिछाई गई थी। हाल ही में हुई बारिश के बाद मैदान और भी कठोर हो गया। इस पूरे मामले को लेकर मंगलवार को दोपहर के मुकाबले के बाद खिलाड़ी विनय यादव ने बताया कि मैदान में जगह.जगह गिट्टी है। गिरने पर हाथ छिल गया। रग्बी के लिए यह बिल्कुल अनुपयुक्त है।

इसी तरह हैंडबॉल खिलाड़ी निहाल धीवर ने कहा कि मैच के दौरान घुटने में चोट आई और निजी खर्च पर एक्स.रे करवाना पड़ा। सुनील कुमार भोई ने बताया कि मैच के दौरान खेलते नहीं बना। गिट्टी की वजह से पैर फिसल गया। जिससे मोच आई है। वहीं हैंडबॉल के खिलाड़ी कमलेश्वर जलक्षत्रीय ने बताया कि बॉल को पास करते समय आंख में लगा। खिलाडिय़ों ने बताया कि इस दौरान मैदान में फस्र्ट एड की व्यवस्था तो थी पर दवाएं और गर्म पट्टी नहीं है कहकर इलाज नहीं किया गया।

मालूम हो कि कल बुधवार की शाम हैंडबॉल के सेमीफाइनल मैच से पहले हुई भारी बारिश ने मैदान को कीचड़ में बदल दिया। हालात ऐसे बने कि खिलाडिडय़ों को ही बाल्टी और मग लेकर मैदान से पानी निकालना पड़ा। आयोजन समिति की लापरवाही का यह दृश्य वहां मौजूद दर्शकों के लिए भी असहज करने वाला था। खिलाडिय़ों ने बताया कि मैदान में फस्र्ट एड बॉक्स तो रखा था। लेकिन उसमें न दवाएं थीं, न गर्म पट्टियां। प्राथमिक उपचार नहीं मिलने से कई खिलाडिय़ों को निजी अस्पताल का सहारा लेना पड़ा। कोचों ने कहा कि ऐसे बड़े आयोजन में चिकित्सकीय टीम की उपस्थिति अनिवार्य होती है। लेकिन यहां केवल औपचारिक इंतजाम दिखे। ंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंंं

मालूम हो कि महासमुंद मिनी स्टेडियम के ऊबड-खाबड़ मैदान में बजरी गिट्टी डालकर राज्य स्तरीय स्पर्धा का आयेजन हुआ है। कल आखरी दिन भी बारिश हुई। जिससे खिलाडिय़ों की आवास और परिवहन की व्यवस्था बदहाल हो गई। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पांच जोन से पहुंचे करीब 320 खिलाडिय़ों और 80 अधिकारियों के लिए परिवहन के नाम पर केवल दो बसें उपलब्ध थीं। बिलासपुर संभाग के खिलाडिय़ों को ढाई किलोमीटर पैदल चलकर विश्राम स्थल तक पहुंचना पड़ा। वहीं सरस्वती शिशु मंदिर, बृजराज शाला, आशीबाई गोलछा स्कूल और अन्य ठहराव स्थलों पर खिलाडिय़ों ने मच्छरों और प्रसाधन की अव्यवस्था की शिकायत की।

 

इस स्पर्धा में भाग लेने वाले खिलाडिय़ों का कहना है कि अगली बार किसी भी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता से पहले मैदानों की गुणवत्ता जांची जाए। चिकित्सकीय टीम मौजूद रहे और आवास-भोजन जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं मानक के अनुरूप हों। उनका कहना है कि अब जिम्मेदारी जिला शिक्षा विभाग पर है कि वह इन खामियों की समीक्षा कर ठोस कदम उठाए। खेल भावना तभी सच्ची होगी, जब मैदान सुरक्षित हों और खिलाडिय़ों को सम्मानजनक सुविधाएं मिलें।

इस मामले में खेल संघ के सचिव एवं जिला शिक्षा अधिकारी डीईओ विजय लहरे ने कहा कि मैदान में फस्र्ट एड की व्यवस्था थी। खिलाडिय़ों को उपचार दिया गया। सीएमएचओ ने भी सहयोग किया। वहीं जब पूछा गया कि खस्ताहाल मैदान पर खेल क्यों कराया गया, तो उन्होंने कहा कि मैदान कड़ा होने से बच्चे तेजी से गिर जाते हैं, खेल में चोट लगती ही रहती है।


अन्य पोस्ट