महासमुन्द

मवेशी को बचाने के चक्कर में हुआ था हादसा, 3 की मौत, दो घायलों की स्थिति गंभीर
09-Oct-2025 3:52 PM
मवेशी को बचाने के चक्कर में हुआ था हादसा,  3 की मौत, दो घायलों की स्थिति गंभीर

इन दुर्घटनाओं के लिए एनएचएआई के साथ-साथ मवेशी पालक भी जिम्मेदार -राजेश चौधरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 9 अक्टूबर। बुधवार को जामपाली में हुए सडक़ हादसे के बारे में जानकारी मिली है कि मवेशी को बचाने के प्रयास में यह हादसा हुआ था। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई तथा दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

दुर्घटना में मृत और घायल एक ही परिवार के थे जो कार में चंद्रपुर से धनबाद झारखंड जा रहे थे कि सडक़ पर मवेशी आने से कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में शमां खान 32 वर्ष, जरीन खान 9 वर्ष और आतिश खान 19 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अफरोज खान और सिबू खान गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को रायपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक दोनों घायलों की स्थिति खतरे में है।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कार सवार सभी लोग चंद्रपुर में किसी कार्य से आए थे और लौटते समय यह दुखद हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पिथौरा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के जिला सदस्य राजेश चौधरी ने इस घटना पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर आए दिन गौवंशों के कारण दुर्घटनाएं हो रही हैं। एनएचएआई की जिम्मेदारी है कि वे सडक़ों को साफ और सुरक्षित रखें। लेकिन रात के समय हाईवे से गौवंशों को हटाने के लिए कोई कर्मचारी मौजूद नहीं रहता। जिससे ऐसे हादसे हो रहे हैं।

श्री चौधरी ने कहा कि इन दुर्घटनाओं के लिए एनएचएआई के साथ-साथ मवेशी पालक भी जिम्मेदार हैं। मवेशी पालकों को अपने गौवंशों को सडक़ पर खुले में छोडऩे के बजाय घर या गौशाला में रखना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि कई पशुपालक अपने गौवंशों का बीमा तो कराते हैं, लेकिन उनकी देखभाल नहीं करते।


अन्य पोस्ट