महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,8अक्टूबर। शहर में अवैध नशे के बढ़ते कारोबार तथा युवाओं में बढ़ती नशावृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए शहर के प्रथम नागरिक नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने उप मुख्यमंत्री व गृहमंत्री विजय शर्मा को पत्र लिखकर अवैध नशे के कारोबार पर रोक लगाने सख्त कदम उठाने की मांग की है।
श्री साहू ने गृहमंत्री विजय शर्मा के नाम प्रेषित पत्र में कहा है कि महासमुंद नगर में अवैध नशे एवं जुआ-सट्टा, गांजा, शराब, नशीली टेबलेट, इंजेक्शन आदि का कारोबार कुछ लोगों के संरक्षण में फल फूल रहा है। ऐसे लोगों को चिन्हित कर इन पर कठोर कार्रवाई करते हुए तड़ीपार जैसे कार्रवाई किया जाना अत्यंत आवश्यक है। वर्षों से इन असामाजिक तत्वों ने महासमुंद जैसे शांतिप्रिय शहर में युवाओं के रगो में जहरीले नशे को बहाकर शहर को खोखला करने का काम किया है। भावी पीढ़ी को बचाने इन अवैध कारोबारियों को चिन्हित करना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही अवैध गतिविधियों में संलिप्त तत्व नगर की युवा पीढ़ी को नशे और जुए की लत में धकेलकर उनके भविष्य को अंधकारमय बना रहे हैं। पत्र के माध्यम से निखिलकांत ने जानकारी दी है कि इनके दुष्प्रभाव से अनेक परिवार सामाजिक, आर्थिक और मानसिक रूप से तबाह हो रहे हैं। यह स्थिति केवल कानून.व्यवस्था की चुनौती नहीं, बल्कि समाज के नैतिक मूल्यों और आने वाली पीढिय़ों के अस्तित्व पर गंभीर संकट है। खेदजनक है कि इन अवैध गतिविधियों को कुछ व्यक्तियों का संरक्षण प्राप्त होने की चर्चाएं आम हैं। जिसके कारण स्थानीय स्तर पर ठोस कार्यवाही नहीं हो पा रही है।
अत: आपसे निवेदन है कि महासमुंद नगर में इन अवैध गतिविधियों पर तत्काल विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाए तथा ऐसे तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों की पुनरावृत्ति रोकने हेतु स्थायी निगरानी तंत्र स्थापित किया जाए। महासमुंद के नागरिक आज आपसे यह अपेक्षा करता है कि शासन इस गंभीर सामाजिक बुराई के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए निर्णायक कदम उठाएगा। ताकि हमारे युवाओं का भविष्य सुरक्षित और उज्जवल रह सके।