महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,8अक्टूबर। छत्तीसगढ़ विज्ञान व प्रौद्योगिकी परिषद के सहयोग से राष्ट्रीय विज्ञान संगोष्ठी 2025-26 का जिला स्तरीय आयोजन मंगलवार को सेजेस हिंदी माध्यम विद्यालय, महासमुंद में संपन्न हुआ। इस वर्ष संगोष्ठी का विषय क्वांटम युग का आगाज, संभावनाएं व चुनौतियां था। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक खोज, विश्लेषणात्मक व तर्कशील प्रवृत्तियों को विकसित करना, उभरते वैज्ञानिकों को अपने विचारों के आदान.प्रदान के लिए मंच प्रदान करना और देशभर के बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रोत्साहित करना है।
इस दौरान बताया गया कि क्वांटम तकनीक आज के विज्ञान जगत में एक नई क्रांति का आरंभ मानी जा रही है। यह तकनीक परमाणु और उप परमाणु स्तर पर पदार्थ व ऊर्जा के व्यवहार को समझने से संबंधित है। क्वांटम कंप्यूटिंग, क्वांटम संचार और क्वांटम सेंसरिंग जैसी प्रगतियां न केवल कंप्यूटर विज्ञान को नई दिशा दे रही हैं, बल्कि चिकित्सा, रक्षा, संचार और अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में भी अभूतपूर्व परिवर्तन ला रही हैं। भविष्य का यह ष्क्वांटम युग विद्यार्थियों के लिए विज्ञान के नए आयामों को समझने और नवाचार की दिशा में आगे बढऩे का सुनहरा अवसर प्रदान कर रहा है।
इस दौरान विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक और तार्किक अभिव्यक्ति प्रस्तुत की। विकासखंड स्तर से चयनित 10 विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय संगोष्ठी में अपने विचारों का प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण किया। प्रतिभागियों ने स्लाइड, पोस्टर एवं फाइल प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विषय पर अपनी रचनात्मक और तार्किक अभिव्यक्ति प्रस्तुत की।
कार्यक्रम के निर्णायक के रूप में हेमेंद्र आचार्य प्राचार्य और तृप्ति ध्रुव व्याख्याता उपस्थित रहीं। निर्णायकों द्वारा मूल्यांकन उपरांत गरिमा सोनी कक्षा 10वीं शासकीय आशीबाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महासमुंद को प्रथम स्थान, स्वाती यादव कक्षा 9वीं सेजेस सरायपाली को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। विद्यार्थी अन्वेषा प्रधान, दिव्या कुर्रे व हितेश पटेल के प्रदर्शन को भी सराहनीय कहा गया। चयनित दोनों विद्यार्थी आगामी जोन स्तरीय संगोष्ठी में कल 9 अक्टूबर को शिक्षा महाविद्यालय रायपुर में अपने सेमिनार का प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम में डीएनओ जिला विज्ञान परिषद जगदीश सिन्हा, मार्गदर्शक शिक्षक चंद्रशेखर मिथिलेश उपस्थित थे। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे, सहायक संचालक नंद किशोर सिन्हा, प्राचार्य जीआर सिन्हा, आशीबाई गोलछा प्राचार्य, सेजेस सरायपाली ने हर्ष व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामनाएं की हैं।