महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 अक्टूबर। महासमुंद एडिशनल एसपी प्रतिभा पांडेय ने बताया कि जनपद उपाध्यक्ष के पति जितेन्द्र चंद्राकर व साथी अशोक साहू की कार में रौंदकर हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मुख्य आरोपी अमन अग्रवाल के खिलाफ धारा 281, 125-1, 106-1,184 के तहत जुर्म दर्ज की गई थी। लेकिन इन्वेस्टिगेशन के बाद 103-1 हत्या और 6,10-2 षड्यंत्र जैसी गंभीर धाराएं जोड़ी गई हैं। साथ ही मुख्य आरोपी अमन अग्रवाल, साथ देने वाले वीरेंद्र विश्वकर्मा और अजीत बघेल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
कोतवाली से मिली जानकारी के अनुसार मास्टरमाइंड अमन अग्रवाल दोनों लोगों को सफारी से कुचलने के बाद थाने में रोता रहा। पुलिस के सामने कह रहा था कि निर्दोष अशोक साहू की हत्या गलती से हो गई। उसे अशोक की मौत पर अफ सोस है। वह सिर्फ जितेंद्र को मारना चाहता था। रोते हुए कहता था कि अपनी करोड़ों की जमीन को आठ महीने पहले महज 40 लाख में बेच दी और जितेन्द्र को कुचलने के लिए टाटा सफारी खरीदी।
मालूम हो कि शनिवार की रात राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 353 साराडीह मोड़ के समीप जनपद उपाध्यक्ष हुलसी चन्द्राकर के पति जितेन्द्र चन्द्राकर तथा साथ अशोक साहू की कार से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में आरोपियों को जेल भेजने के बाद अब पुलिस न्यायालय में चालान पेश करने की तैयारियां कर रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपियों से लिये गये बयान में यह बात सामने आई है कि आरोपी अमन अग्रवाल की एनएच 353 ग्राम बेलसोंडा में जमीन थी। इस जमीन से लगी एक शासकीय जमीन थी। उसके बाद एनएच सडक़ थी। आरोपी चाहता था कि उसकी निजी जमीन से राजमार्ग तक सडक़ बनाया जाये।
उस वक्त मृतक जितेन्द्र की पत्नी हुलसी चन्द्राकर ग्राम की उप सरपंच थी। पुलिस के अनुसार मृतक जितेन्द्र आरोपी अमन को सडक़ बनाने नहीं दे रहा था। बावजूद इसके अमन ने यहां रातों-रात जेसीबी लगाकर सडक़ बना दिया। दूसरे दिन जब इसकी जानकारी जितेन्द्र को मिली तो दोनों के बीच इस सडक़ की बात पर काफी बहस तथा कहा-सुनी हुई। बात इतनी बिगड़ गई कि जितेन्द्र ने अमन को तमाचा जड़ दिया। हालांकि, बाद में अमन ने इस जमीन को बेच दिया।
लेकिन अमन ने तमाचा को भूला ही नहीं और लगातार जितेन्द्र को जान से मार देने का मन बनाता रहा। उसने कई बार उसकी हत्या की प्लानिंग की लेकिन वह फेल जाता था। अंत: उसने हत्या के लिए अजीत बघेल तथा वीरेन्द्र विश्वकर्मा को जितेन्द्र की हर गतिविधि पर लगातार नजर रखने कहा था। दोनों लगातार उस पर नजर रखे हुए थेे कि वह कब घर से निकलता है, कब जनपद जाता है आदि। इसकी जानकारी दोनों लगातार अमन को देते थे।
घटना दिनांक को आरोपियों को मौका मिला और साथियों से मिली सूचना के आधार पर अमन ने महासमुंद से बेलसोंडा जाते समय स्कूटी सवार जितेन्द्र व अशोक का पीछा किया। साराडीह मोड़ के समीप अमन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। जब जितेन्द्र और अशोक दूर छिटककर जा गिरे तो अमन ने कई बार गाड़ी से उन्हें रौंदा। स्थानीय लोगों ने फौरन पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। गंभीर हालत में अशोक को रायपुर रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। दम तोडऩे से पहले अशोक ने पुलिस को सारीबातें बता दी थी। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। इसी बीच ग्रामीणों ने दोनों के अंतिम संस्कार के बाद हत्या का अपराध दर्ज करने की मांग को लेकर नेशनल हाईवे.353 पर लगभग एक घंटे तक जाम कर दिया। पुलिस के समझाने और गंभीर धाराएं जोडऩे की गारंटी देने के बाद जाम समाप्त किया।
घटना कारित करने के बाद आरोपी अमन अग्रवाल ने खुद को सिटी कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि शुरुआती कार्रवाई में पुलिस ने सडक़ हादसे की धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज की। लेकिन जब फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की तो सामने आया कि कार का पहिया बार-बार पीछे जाने के निशान हैं। इसके साथ ही गाड़ी पर लगे चोट के निशान और दोनों के गिरने के बाद बार-बार गाड़ी से बार-बार कुचलने की पुष्टि हुई। जैसा कि मौत से पहले अशोक ने अपने बयान में कहा था।
आरोपी अमन का साथी वीरेंद्र विश्वकर्मा घोड़ारी में गैरेज चलाता है। इसने अमन के साथ रेकी की। हत्या करने की साजिश में शामिल रहा और साजिश के तहत हत्या के बाद अमन को अपनी वाहन में बिठाकर कोतवाली तक पहुंचाया। जबकि अजीत बघेल मजदूरी का काम किया करता था। वीरेंद्र का दोस्त था। वीरेंद्र ने इस साजिश में अजीत को शामिल किया। तीनों ने मिलकर मर्डर किया।