महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,7 अक्टूबर। महासमुंद कौशिक कॉलोनी निवासी भारत सिंह साहू ने बताया कि उन्होंने अपने घर की छत पर 5 किलोवाट क्षमता का सौर पैनल सिस्टम स्थापित कराया है। उन्हें टीवी और समाचार पत्रों के माध्यम से इस योजना के बारे में पता चला और इसके पश्चात ही उन्होंने योजना की जानकारी जुटाकर आवेदन किया। पंजीकृत वेंडर द्वारा सोलर सिस्टम स्थापित किए जाने के बाद पिछले दो माह से अब उनका बिजली बिल शून्य हो गया है। साथ ही क्रेडिट यूनिट का भी लाभ मिल रहा है। श्री साहू ने कहा कि बिजली बिल न के बराबर रह गया है और सबसे बड़ी बात यह है कि यह निवेश मात्र दो-तीन साल में ही वसूल हो जाएगा। इसके बाद मुफ्त बिजली के साथ-साथ अतिरिक्त आय भी होगी। श्री साहू ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार जताया और लोगों से अपील की कि हर घर को इस योजना से जुडऩा चाहिए। आज हम सिर्फ उपभोक्ता नहीं, बल्कि बिजली उत्पादक और पर्यावरण रक्षक भी बन सकते हैं।