महासमुन्द
आधा दर्जन दावेदारों की धडक़नें तेज, एआईसीसी की सीधी नजर
आपराधिक रिकार्ड व निष्कासन का भी देना होगा विवरण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,7अक्टूबर। कांग्रेस संगठन सृजन अभियान के तहत जिलाध्यक्ष चयन की कवायद शुरू हो गई है। अबकी बार दावेदार अपने बनाये बॉयोडाटा के जरिये अपनी दावेदारी पेश नहीं कर सकेंगे। उन्हें एआईसीसी द्वारा प्रेषित 3 पेज के निर्धारित आवेदन पत्र के जरिये ही अपनी दावेदारी पेश करनी होगी। उदयपुर फार्मुले के जरिये चुनाव होने से जहां युवाओं में उत्साह है। वहीं आपराधिक और निष्कासन का रिकार्ड मांगे जाने से कुछ दावेदारों की धडक़न तेज हो गई है। कांग्रेस में बदलाव की बयार संगठन सृजन अभियान के जरिये लाने के लिए इस बार जिलाध्यक्ष चयन पर एआईसीसी की सीधी नजर रहेगी। यही कारण है कि एआईसीसी से निर्धारित आवेदन पत्र पर ही दावेदारों को आवेदन फोटो सहित करना है।
उदयपुर और गुजरात में हुये चुनाव में एआईसीसी के निर्देश और सख्ती देखने के बाद यहां भी दावेदार वरिष्ठ नेताओं तक एप्रोच करने से बचते दिख रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक जिलाध्यक्ष चयन में बड़े नेताओं की दखल संभवत: नहीं रहेगी।
क्योंकि सीधे एआईसीसी की देखरेख में चयन प्रक्रिया होने के कारण बड़े नेताओं ने दावेदारों से फिलहाल किनारा कर लिया है। आवेदन सीधे पर्यवेक्षक के जरिये एआईसीसी तक जाएगी। इसके अलावा पर्यवेक्षक 6 दिन महासमुंद जिले में भ्रमण कर कांग्रेस जनों तथा अन्य स्त्रोतों से फीडबैक लेकर अपनी रिपोर्ट एआईसीसी को देगी।
उसके बाद ही एआईसीसी किसी निष्कर्ष पहुंचेगी। इस बीच एक खबर यह भी आई है कि जिले के 4-5 वरिष्ठ पत्रकारों से पर्यवेक्षक या उनकी टीम के सदस्य फोन पर या फिर मिलकर दावेदारों के बारे में फीडबेक ले सकते हैं। इस खबर के बाद दावेदारों ने वरिष्ठ पत्रकारों से फोन पर संपर्क करना शुरू कर दिया है। पर्यवेक्षक के आने की तिथि समीप आने के साथ ही दावेदारों की तैयारी तेज होने लगी है। जिले में करीब आधा दर्जन प्रबल दावेदार हैं।
दावेदारों की नब्ज टटोलेंगी पर्यवेक्षक
पर्यवेक्षक रीटा चौधरी 8 अक्टूबर की शाम रायपुर पहुंच रही हैं। वे माण्डावा राजस्थान से विधायक हैं। दूसरे दिन 9 अक्टूबर को वे कांग्रेस भवन महासमुंद में दावेदारों की नब्ज टटोलेंगी तथा संगठन पदाधिकारियों के साथ रायशुमारी करेंगी। इसी तरह वे 14 अक्टूबर तक जिले के विभिन्न हिस्सों में दौरे पर रहते हुए दावेदारों के बारे में फीडबेक एकत्र करेंगी। उनके साथ पूर्व मंत्री रविन्द्र चौबे, पूर्व विधायक रूद्र गुरू और पूर्व विधायक रायपुर विकास उपाध्याय रहेंगे।) दावेदारों को एआईसीसी द्वारा निर्धारित सादे आवेदन पत्र में ही मांगी गई जानकारी भरकर पर्यवेक्षक को देना होगा। 3 पेज के आवेदन में नाम, पता जैसी व्यक्तिगत जानकारी के अलावा संगठनात्मक व चुनावी पृष्ठभूमि, किन-किन पदों का दायित्व सम्हाल चुके हैं, चुनाव लड़ा है या नहीं, यदि चुनाव लड़ा है तो कौन-कौन सा और कब-कब, इसमें मिले वोटों का प्रतिशत, सामाजिक कार्यों का ब्यौरा, किसी अन्य पार्टी के सदस्य रहे हैं या नहीं, ट्रेनिंग कैंप में कब-कब हिस्सा लिया आदि जानकारी देना है। इसके अलावा आपराधिक मामलों की जानकारी भी एक कालम में देनी होगी। मामले दर्ज हैं तो उनका विवरण भी देना होगा।
साथ ही पार्टी निष्कासित हुये हैं तो उसका भी पूरा विवरण देना होगा।