महासमुन्द
आरोपी ने पहले स्कूटी को टक्कर मारी, फिर बार-बार चढ़ाई कार
कहा-5 साल बाद हिसाब बराबर हुआ, गवाही न दे, इसलिए दोस्त को भी कुचल दिया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 अक्टूबर। जनपद उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर के पति जितेन्द्र चंद्राकर और उसके दोस्त अशोक साहू की मौत महज सडक़ दुर्घटना नहीं थी, बल्कि उनकी हत्या हुई है। आरोपी अमन अग्रवाल ने पुलिस को बयान दिया है कि उसने थप्पड़ का बदला पांच साल बाद लिया है। पहले उनकी स्कूटी को टक्कर मारी, फिर बार-बार कार चढ़ाई। गवाही न दे, इसलिए दोस्त को भी कुचल दिया।
ज्ञात हो कि शनिवार 4 अक्टूबर की रात लगभग 8 बजे महासमुंद नेशनल हाईवे-353 पर हल्की चहल-पहल थी। इतने में तेज रफ्तार टाटा सफारी दिखी, जो स्कूटी सवार 2 दोस्तों को टक्कर मारी। इससे स्कूटी सवार दोनों छिटककर दूर जा गिरे तो आरोपी ने बार-बार दोनों को गाड़ी चढ़ाकर कुचल डाला। इस दौरान एक की मौके पर और दूसरे की रास्ते में जान चली गई। लेकिन दूसरे ने मौत से पहले ही सारा वाकया पुलिस को सुना दी। जब जाकर मामले का खुलासा हुआ। मरने वालों की पहचान बेलसोंडा निवासी जितेंद्र चंद्राकर (46) और अशोक साहू (50) के रूप में की गई।
जितेंद्र चंद्राकर जनपद पंचायत उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर के पति थे। कार से कुचलने वाला आरोपी अमन अग्रवाल मृतक जितेंद्र का पुराना दुश्मन निकला। उसने पुलिस को बयान में कहा है कि 5 साल पहले मारे गए थप्पड़ का बदला डबल मर्डर से लिया है।
अमन अग्रवाल ने थाने में पुलिस को बताया-थप्पड़ की गूंज मेरे कानों में 5 साल से सुनाई दे रही थी। दिल में बदले की आग जल रही थी। रोज जितेंद्र का पीछा करता था, इसलिए मैं रूटीन जानता था कि जितेन्द्र कब-कहां जाता है। मैं एक खामोश शिकारी की तरह मौका तलाश रहा था। चार अक्टूबर की रात मुझे मौका मिला तो बदला ले लिया।
जानिए क्या है पूरा मामला-शनिवार 4 अक्टूबर की रात जितेंद्र अपने दोस्त अशोक साहू के साथ स्कूटी से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान अमन अग्रवाल अपनी टाटा सफारी में पहले से खरोरा मेडिकल कॉलेज के पास उनकी राह देख रहा था। जैसे ही जितेंद्र की स्कूटी साराडीह मोड़ के पास दिखी, अमन की टाटा सफ ारी ने भी रफ्तार पकड़ ली।
इसी दौरान अमन ने साराडीह मोड़ के पास अंधेरे का फायदा उठाया और साजिश के तहत अमन ने जितेंद्र की स्कूटी को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी तेज थी कि जितेंद्र और अशोक स्कूटी से छिटककर दूर सडक़ पर जा गिरे। उन्हें सडक़ पर लहूलुहान देखकर भी अमन का गुस्सा कम नहीं हुआ और जानबूझकर अपनी कार से पहले जितेंद्र और उसके बाद अशोक को कुचल डाला। अमन ने मरते दम तक जितेंद्र पर कार चढ़ाई। अशोक पर भी गाड़ी चढ़ाई, लेकिन जितेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अशोक बेहोश पड़ा था। जब अमन को लगा कि दोनों मर गए हैं तो वह मौके से भाग निकला और कोतवाली पहुंचकर जानकारी दी कि उसकी कार से दुर्घटना हो गई है।
इधर, दुर्घटना स्थल पर कुछ समय बाद चीख-पुकार मच गई। वारदात के तुरंत बाद आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। सडक़ किनारे खून से सने दोनों दोस्त, चकनाचूर स्कूटी देख चहर कोई सन्न था। स्थानीय लोगों ने फ ौरन पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। गंभीर हालत में अशोक को रायपुर रेफ र किया गया, लेकिन रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। लेकिन दम तोडऩे से पहले अशोक ने घटना के बारे में पुलिस और अन्य लोगों को जानकारी दे दी थी।
घटना स्थल को देखकर बेरहमी से कुचले गए निशानों से पुलिस को पहले ही शक था कि किसी ने जानबूझकर दोनों को कुचला है। हादसा नॉर्मल नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश है। पुलिस ने मृतकों के शवों के पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
ग्रामीणों ने अंतिम संस्कार के बाद हत्या का अपराध दर्ज करने की मांग को लेकर नेशनल हाईवे 353 पर लगभग एक घंटे तक जाम कर दिया। पुलिस के समझाने और गंभीर धाराएं जोडऩे की गारंटी देने के बाद जाम समाप्त किया।
पुलिस ने हालांकि शुरुआती कार्रवाई में सडक़ हादसे की धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज की। लेकिन जब फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की, तो तथ्य सामने आया कि कार के पहिये का बार-बार आगे पीछे जाने के निशान हैं। इसके साथ ही गाड़ी पर लगे चोट के निशान और दोनों के गिरने के बाद गाड़ी से बार-बार कुचलने की पुष्टि हुई। जांच टीम को सच समझा आ गया कि यह हादसा नहीं, हत्या है। इसके बाद पुलिस ने अमन अग्रवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। इस दौरान अमन ने साजिश रचकर अपराध करना स्वीकार किया।
पुलिस के मुताबिक बेलसोंड़ा गांव के पास नेशनल हाईवे-353 से थोड़ी ही दूरी पर जितेंद्र चंद्राकर की फ्लाई ब्रिक्स फैक्ट्री है, वहीं महासमुंद हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी आरोपी अमन अग्रवाल की जितेंद्र की फैक्ट्री के पास ही जमीन है। लगभग 5 साल पहले दोनों के बीच रास्ते को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान जितेंद्र ने अमन को थप्पड़ भी मारा था। तभी से अमन के दिल में बदले की आग जल रही थी। अमन पीछा करता था। जितेन्द्र की रूटीन जानता था और मौके की तलाश कर रहा था। आखिरकार 4 अक्टूबर की रात वह तलाश खत्म हो गई।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने जानबूझकर जितेंद्र को कार से कुचल-कुचलकर मार डाला। वह मौजूद साथी को नहीं मारना चाहता था। लेकिन वह भी गुस्से का शिकार हो गया। जितेंद्र की वजह से उसके दोस्त को भी मारना पड़ा। ताकि वह सेफ बच जाए।
महासमुंद की एडिशनल एसपी प्रतिभा पांडेय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धारा 281, 125-।, 106-1,184 के तहत मामला दर्ज की गई थी। इन्वेस्टिगेशन के बाद 103-1 हत्या और 61-2 षड्यंत्र जैसी गंभीर धाराओं को जोडऩे की प्रक्रिया शुरू की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। साजिश में और कौन शामिल है, इसकी पूछताछ की जा रही है।

