महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 अक्टूबर। स्वाध्याय केंद्र महासमुंद में स्वयंसेवी सामाजिक संगठन पीपला वेलफेयर फाउंडेशन छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में रविवार को लोकतंत्र में लोक की भूमिका विषय पर संगोष्ठी आयोजित हुआ। स्वर्णिम छत्तीसगढ़ के निर्माण में जन सामान्य, साहित्यकारों, विद्वानों और सामाजिक संगठनों की भूमिका पर गहन विमर्श व चिंतन किया गया।
फाउंडेशन के अध्यक्ष दूजेराम धीवर ने संगोष्ठी आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा समाज में बढ़ रही अराजकता को सामाजिक चेतना से ही रोका जा सकता है। इसलिए संगोष्ठी के माध्यम से सामाजिक चेतना जागृत करने का प्रयास किया जा रहा है। संयोजक महेन्द्र कुमार पटेल ने लोकतंत्र में लोक की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि पड़ोस में आग लगने से धुंआ सबको प्रभावित करता है। इसलिए समाज में बढ़ती अराजकता को रोकने, विद्वानों व चिंतकों को समय रहते कदम उठाना चाहिए।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भाषाविद डॉ. चितरंजन कर ने कहा कि सामाजिक चेतना जागृत करने के लिए इस तरह का आयोजन होते रहना चाहिए। उन्होंने लोकतंत्र में लोक की महत्ता बताते हुए कला कि सार्थक, क्रियात्मक और प्रेरणास्पद पहल की आवश्यकता है। हम अपने दायरे में रहकर जो कर सकते हैं, वह निरंतर करते रहेंं, यही लोक की भूमिका है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही सेवानिवृत्त शिक्षाधिकारी श्रीमती सौरिन चंद्रसेन ने कहा कि हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का बोध होना चाहिए। लोग अपने-अपने हिस्से की जिम्मेदारी निभाएं। वरिष्ठ साहित्यकार अशोक शर्मा ने लोकतंत्र में लोक की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि जन जागरण के लिए चिंगारी जलाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में लोक स्वामी हैं और तंत्र सेवक की भूमिका में हैं। उन्होंने वर्तमान परिवेश पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अंधेरा कितना भी घना हो, उसकी उम्र एक रात से अधिक नहीं होती।
संगोष्ठी का संचालन दूरदर्शन व आकाशवाणी के अनाउंसर शशांक खरे ने किया। आधार वक्तव्य देते हुए मंच संचालक शशांक खरे ने कहा कि लोकतंत्र में लोक की भूमिका जब तक जागरूकता के साथ सुनिश्चित नहीं होगी। लोकतांत्रिक व्यवस्था और सफलता पर सवाल उठते रहेंगे। संरक्षक पारसनाथ साहू ने किसानों की पीड़ा और नशा की लत से बिखरते परिवार को बचाने में लोक की भूमिका रेखांकित की।
इस अवसर पर माधुरी कर, पूर्व नपाध्यक्ष पवन पटेल, डॉ. सविता चंद्राकर, समाजसेवी त्रिपुरारी पटेल, टेकराम सेन, पोखनदास मानिकपुरी, उमाशंकर पांडेय, प्रमोद धीवर, द्रौपदी साहू, ओम पटेल सहित बड़ी संख्या में साहित्यकारों, चिंतकों और नागरिकों की उपस्थिति रही।
शिक्षाविद् छत्रधारी सोनकर ने कहा कि भीड़ तंत्र और दल तंत्र से लोकतंत्र प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि सामाजिक जागरूकता का पर्याय शिक्षा व्यवस्था अब स्वार्थ का पर्याय बनकर रह गया है। संगोष्ठी में जिला महिला व बाल विकास अधिकारी टिकवेंद्र जाटवर ने भी सारगर्भित उद्बोधन दिया। प्रादेशिक संगोष्ठी के आयोजन और संयोजन में फाउंडेशन से अध्यक्ष दूजेराम धीवर, संयोजक महेन्द्र कुमार पटेल, कोषाध्यक्ष कोमल लाखोटी, सचिव अभिमन्यु साहू, समाजसेवी शेखर चंद्राकर, सक्रिय सदस्य यादेश देवांगन, राहुल पटेल, समाजसेवी तिलक साव, सुरेन्द्र मानिकपुरी, गोवर्धन साहू, कमलेश साहू, यशस्वी, साक्षी, भूमि, हिमांशी, भूजल, उज्जवल व दीपक पटेल की अहम् भूमिका रही।