महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,5अक्टूबर। बीते 2 दिनों में हुई मूसलाधार बारिश की वजह से महानदी स्थित जलावर्धन प्लांट में भारी मात्रा में रेत जाम होने की वजह से कल दिनभर शहर की टंकियों में जलभराव नहीं हो सका। फलस्वरुप कल भी दोनों समय नलों में पानीनहींआया और आज सुबह भी नलों की टोटियां सूखी ही रहीं। नागरिकों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। मालूम हो कि सप्ताह भर के भीतर यह दूसरी बार है, जब रेत जाम हुई है।
हालांकि पालिका की टीम रेत को निकालने तथा सुधार कार्य के लिए जुटी हुई है। यदि सुधार हो जाता है तो रविवार की शाम को पेयजल की आपूर्ति हो जाएगी। अधिक बारिश के कारण महानदी से शहर को होने वाली जलापूर्ति बाधित होने पर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने खेत व्यक्त करते हुए शहरवासियों से निवेदन किया है कि महानदी में जल स्तर बढऩे से जलापूर्ति बाधित है। अधिक बारिश के कारण महानदी से शहर को होने वाली जलापूर्ति नहीं हो रही है। उन्होनें शहर वासियों से निवेदन किया है कि निसदा डायवर्सन के सभी गेट बंद होने और महानदी का जल स्तर सामान्य होने के बाद शहर में जलापूर्ति व्यवस्थित की जाएगी। निखिलकांत के मुताबिक अत्यधिक वर्षा होने के कारण गंगरेल बांध से पानी छोड़ा गया है। जिससे महानदी का जल स्तर काफी बढ़ गया है। महानदी का जल स्तर बढऩे के कारण निसदा एनिकट के सभी गेट खोल दिए गए हैं। जिससे महानदी में स्थित इंटेकवेल जहां से शहर की जल आपूर्ति के लिए पानी लिया जाता है, उसका वॉल ऊपर होने से पानी सप्लाई संभव नहीं है। निसदा एनिकट के गेट बंद करने के लिए एनिकट के सब इंजीनियर चांदनी रामटेके व कार्यपालन अभियंता निकोस सर से संपर्क किया गया है। निसदा डायवर्सन के सभी गेट बंद होने तथा महानदी का जल स्तर सामान्य होने के बाद शहर में जलापूर्ति व्यवस्थित की जाएगी।