महासमुन्द
आरोपी कार चालक ने थाने जाकर किया समर्पण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 अक्टूबर। राष्ट्रीय राजमार्ग 353 पर साराडीह मोड़ के समीप कल शाम एक कार सवार ने पीछे से स्कूटी को ठोकर मार दी। जिससे अपने घर बेलसोंडा जा रहे स्कूटी सवार जितेन्द्र चन्द्राकर की मौत हो गई। वहीं स्कूटी पर सवार दूसरा शख्स अशोक साहू भी गंभीर रुप से घायल हो गया। मृतक जितेन्द्र चन्द्राकर जनपद उपाध्यक्ष हुलसी चन्द्राकर के पति हैं। हादसा कल शाम करीब 7.30 बजे हुआ। दुर्घटना के बाद कार चालक ने कोतवाली जाकर आत्मसमर्पण किया है।
कोतवाली पुलिस के अनुसार जितेन्द्र चन्द्राकर और अशोक साहू दोनों दुपहिया से महासमुंद आए थे और शाम को अपने घर बेलसोंडा लौट रहे थे कि करीब 7.30 बजे पीछे से आकर एक तेज रफ्तार कार सवार ने उनकी दुपहिया को ठोक दिया। फलस्वरुप दुपहिया दूर छिटककर जा गिरी और उसमें सवार जितेन्द्र चन्द्राकर 40 वर्ष तथा अशोक साहू करीब 50 वर्ष सडक़ पर गिरकर खून से लथपथ हो गए। जितेन्द्र चंद्राकर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि अशोक साहू गंभीर रूप से घायल हैं।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। आज खबर लिखे जाने तक घायल अशोक साहू का इलाज जारी है और मृतक जितेन्द्र चन्द्राकर का शव पोस्टमार्टम गृह में रखा हुआ है। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के बाद कार चालक अमन अग्रवाल ने कोतवाली जाकर आत्मसमर्पण किया है। कार चालक अमन भी बेलसोंडा निवासी हैं। प्रारंभिक सूचना के अनुसार हादसे के समय कार में अमन अकेला था।
हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे ग्रामीणों ने टाटा सफारी पर पथराव कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से टाटा सफारी और स्कूटी को जब्त कर थाने पहुंचा दिया है। टाटा सफारी चला रहे ड्राइवर अमन ने सिटी कोतवाली पहुंचकर हादसे की जानकारी दी और खुद को पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही जनपद पंचायत उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर अस्पताल पहुंचीं। पति की मौत की खबर सुनकर वह अस्पताल परिसर में ही अचेत होकर गिर पड़ीं। बेलसोंड़ा के ग्रामीणों के साथ-साथ विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग सहित कई जनप्रतिनिधि भी अस्पताल पहुंचे। गौरतलब है कि हुलसी चंद्राकर भाजपा से जनपद पंचायत उपाध्यक्ष हैं। वह पूर्व में ग्राम पंचायत बेलसोंड़ा की उप सरपंच भी रह चुकी हैं।