महासमुन्द

अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर
26-Sep-2025 3:41 PM
अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 26 सितंबर। कोमाखान तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत परसुली में शासकीय भूमि पर बनाए जा रहे अवैध निर्माण पर आखिरकार प्रशासन ने सख्ती दिखाई। गुरुवार को राजस्व व पुलिस अमले की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर कब्जा मुक्त कराया गया।

ग्राम पंचायत सरपंच जलसिंह चक्रधारी ने बताया कि गांव के ही गंगाराम चक्रधारी पिछले दो माह से संतोषी बाजार चौक मार्ग पर खसरा नंबर 50-1 और 50-2 में अवैध कब्जा कर कॉम्प्लेक्स का निर्माण करवा रहा था। इस पर पंचायत ने 21 अगस्त को नोटिस जारी कर कब्जा हटाने के निर्देश दिए। लेकिन कब्जाधारी ने इसका पालन नहीं किया और तेज़ी से निर्माण जारी रखा। इसके बाद 30 अगस्त को पंचायत की ओर से दूसरा नोटिस भेजा गया। इस बार गंगाराम ने नोटिस लेने से ही इंकार कर दिया। मामला बढऩे पर पंचायत ने प्रशासन को सूचना दी।

 इस कार्रवाई पर कब्जाधारी गंगाराम चक्रधारी ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कई और अवैध निर्माण मौजूद हैं, लेकिन प्रशासन ने केवल उसके निर्माण पर ही कार्रवाई की। उसने कहा कि सभी अवैध कब्जों पर समान कार्रवाई होनी चाहिए।


अन्य पोस्ट