महासमुन्द

खबर का असर -आरोपी अधीक्षिका को हटाया बच्चियों को प्रताडि़त और अश्लील वीडियो दिखाने का आरोप
25-Sep-2025 4:02 PM
खबर का असर -आरोपी अधीक्षिका को हटाया  बच्चियों को प्रताडि़त  और अश्लील  वीडियो दिखाने का आरोप

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

महासमुंद,25 सितंबर। छात्रावासों में मनमानी बिल्कुल नहीं चलेगी, इस आशय का साफ  संकेत देते हुए आदिवासी कन्या आश्रम खोकसा मामले में आदिवासी विकास विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। हॉस्टल की बच्चियों को प्रताडि़त करने और उन्हें अश्लील वीडियो दिखाने जैसे आरोपों की जांच के बाद आरोपी अधीक्षिका गीता पटेल को बुधवार को हटा दिया गया है।

जारी आदेश में विभाग ने कहा है कि शिक्षक व प्रभारी छात्रावास अधीक्षक, प्री-मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास खोकसा व आदिवासी कन्या आश्रम खोकसा विकासखण्ड बसना गीता पटेल को उनके मूल शाला कार्य के लिए कार्यमुक्त किया गया है।

इस मामले में विभाग की सहायक आयुक्त शिल्पा साय ने बताया कि गीता को शिक्षा विभाग के लिए रिलीव कर दिया गया है। आदिवासी कन्या आश्रम खोकसा के अस्थायी संचालन की जिम्मेदारी कंचन कुमर्रा को अतिरिक्त प्रभार के रूप में सौंपी गई है। इसके अलावा प्री.मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास खोकसा का संचालन अब शंकरलाल बरिहा, सहायक शिक्षक व अधीक्षकए आदिवासी बालक आश्रम तरेकेला पिथौरा करेंगे। कार्रवाई होने की पुष्टि डीईओ विजय लहरे ने भी की है।

            

   मालूम हो कि ‘छत्तीसगढ़’  ने 19 सितंबर के अंक में अधीक्षिका पर छात्राओं से मालिश कराने व अश्लील वीडियो दिखाने का मामला प्रमुखता से प्रकाशित की थी। जिसके बाद आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त शिल्पा साय ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल जांच करने के आदेश दिए और 3 दिन के भीतर जांच करने के लिए कहा था। मामला मामला बसना विकासखंड के प्राथमिक आदिवासी कन्या आश्रम खोकसा का है। आश्रम में निवासरत छात्राओं ने अधीक्षिका गीता पटेल पर गंभीर आरोप लगाए थे।

 बच्चियों का कहना है कि हॉस्टल अधीक्षिका न सिर्फ  उनसे घरेलू काम कराती हैं, बल्कि शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताडि़त भी करती हंै। इससे आहत परिजनों ने जिला शिक्षा अधिकारी डीईओ से लिखित शिकायत कर कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।


अन्य पोस्ट