महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,25सितंबर। दशहरा उत्सव समिति, मानस भवन महासमुंद की बैठक कॉलेज रोड स्थित स्वाध्याय केंद्र में आयोजित की गई। जिसमें हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दशहरा उत्सव के सफल आयोजन की रूपरेखा पर गहन चर्चा की गई। बैठक में समिति के सदस्यों ने मिलकर यह निर्णय लिया कि इस वर्ष दशहरा उत्सव का आयोजन 2 अक्टूबर 2025 को पंडित जयलाल प्रसाद शर्मा दशहरा मैदान में किया जाएगा।
आयोजन समिति के प्रभारी चंद्रशेखर साहू ने बताया कि इस वर्ष का मुख्य आकर्षण 35 फीट ऊंचा रावण का पुतला होगा। यह भव्य पुतला राधेश्याम यादव उर्फ़ राजू पेंटर द्वारा काली मंदिर के पास उनके निवास पर विशेष वेशभूषा में तैयार किया जा रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत शाम 5 बजे से हो जाएगी। जिसमें दिशा नाट्य कला मंच के कलाकार भव्य रामलीला का मंचन करेंगे।
रामलीला के लिए विशेष रूप से अत्याधुनिक लाइट और साउंड की व्यवस्था की गई है। ताकि दर्शक एक अद्भुत और यादगार अनुभव प्राप्त कर सकें। श्री साहू ने आगे बताया कि रामलीला के समापन के बाद, पारंपरिक रूप से अग्निबाण के द्वारा रावण के पुतले का दहन किया जाएगा।
पुतला दहन के तुरंत बाद आसमान में आकर्षक और रंगीन आतिशबाजी का कार्यक्रम रखा गया है, जो दर्शकों का मन मोह लेगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति ने नगर पालिका परिषद से चर्चा कर मैदान की साफ सफाई व लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग से संपर्क कर आवश्यक व्यवस्था बनाने का आग्रह किया है।
इस वर्ष का दशहरा उत्सव महासमुंद के लिए एक भव्य और यादगार आयोजन बनने की उम्मीद है, जिसमें स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा और सभी नागरिक मिलकर इस पर्व का आनंद ले सकेंगे। बैठक में उपस्थित प्रमुख सदस्यों में भूपेंद्र राठौड़, चंद्रशेखर साहू, तिलक साव, प्रकाश राव सावरकर, गोवर्धन प्रधान, मनीष श्रीवास्तव, जैनेंद्र चंद्राकर, सरदार सुमित ढिल्लो, रामेश्वर साहू, धीरज सिन्हा और सुरेन्द्र ठेठवार शामिल थे।