महासमुन्द
प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल क ो ज्ञापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 सितंबर। एनएसयूआई जिला अध्यक्ष शाहबाज राजवानी ने कहा है कि लाखों के चावल हेराफेरी मामले में दोषियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन केवल वसूली की बातें कर रहा है। लेकिन न तो अब तक वास्तविक वसूली हुई है और न ही दोषियों पर एफआईआर दर्ज की गई।
श्री राजवानी ने कहा कि कठोर कार्रवाई न होना यह स्पष्ट करता है कि प्रशासन और तथाकथित सुशासन की सरकार् दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि इस घोटाले में भाजपा मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिक्का के परिजनों का नाम सामने आया है और उन्हें बचाने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर एनएसयूआई पदाधिकारी ग्राम खट्टी पहुंचे और प्रदेश प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इसमें मांग की गई कि दोषियों पर तत्काल एफ आईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्हें भविष्य में किसी भी समिति या सार्वजनिक वितरण प्रणाली संचालन से प्रतिबंधित किया जाए।
एनएसयूआई ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन सडक़ पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगा। साथ ही कहा कि अगर जल्द से जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में किसी भी मंत्री को महासमुंद जिले में चावल भेंट कर विरोध दर्ज कराया जाएगा। इस अवसर पर शुभम चंद्राकर, होरीलाल साहू, मोहम्मद शादाब, रतन पाल, मोहित साहू, बबलू कन्नौजे, आशीष चंद्राकर, भुवनेश्वर दीवान, फलेन्द निषाद, निशु मिश्रा उपस्थित थे।