महासमुन्द

रात से मूसलाधार बारिश जारी
24-Sep-2025 4:04 PM
रात से मूसलाधार बारिश जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुन्द, 24 सितंबर। महासमुंद जिले में रात 2 बजे मूसलाधार बारिश जारी है। समाचार लिखते वक्त 11 बजे थे, लेकिन अभी तक लोग अपने-अपने घरों से बाहर नहीं निकल पाएं हैं। सब्जी दुकानें, किराने और कपड़ों के अलावा सारी दुकानें पूरी तरह बंद हैं।  इस तरह जिले में एक बार फिर से मानसून सक्रिय हो गया है।  मौसम विभाग ने मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और तेज हवा चलने का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर.चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला,पेंड्रा मरवाही, बेमेतरा, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिला शामिल है। इन जिलों में बिजली गिरने और 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना भी मौसम विभाग ने व्यक्त किया है।

जबकि सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, दुर्ग. कबीरधामए जशपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में मध्यम वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार गंगेटिक पश्चिम बंगाल, उत्तर ओडिशा और उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब का क्षेत्र सक्रिय है। इसके प्रभाव से ऊपरी हवा में चक्रीय परिसंचरण बना हुआ है जो अगले 24 घंटों में कमजोर होगा। इस सिस्टम से जुड़ी द्रोणिकाएं छत्तीसगढ से होकर गुजर रही हैं। जिसके चलते आज प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है।

छत्तीसगढ़ मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 25 सितंबर को उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी में नया निम्न दाब का क्षेत्र बनने की संभावना है। यह सिस्टम धीरे-धीरे प्रबल होकर अवदाब में बदल सकता है और 27 सितंबर तक दक्षिण उड़ीसा.उत्तर आंध्र तट के पास पहुंच सकता है। इसके असर से 256 सितंबर से बस्तर संभाग और आसपास के जिलों में भारी से अति भारी वर्षा होने की आशंका है।


अन्य पोस्ट