महासमुन्द
कीट विरोधी है यह किस्म, गीली-सूखी दोनों भूमि पर देती है अच्छा उत्पादन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 23 सितंबर। तिलहनी फसलों को प्रमोट करने के उद्देश्य से जिले में पहली बार लगाई गई कादरी लोपाक्षी मूंगफली की कोड़ाई शुरु हो गई है, वहीं पखवाड़े भर में कोड़ाई में और भी तेजी आ जाएगी। दरअसल किसानों के लिए वरदान साबित हो रही यह किस्म सूखी और गीली दोनों तरह की भूमि पर उगाई जा रही है। फसल का अच्छा उत्पादन देख किसान अब मुस्कुरा रहे हैं। अल्प वृष्टि, अतिवृष्टि वाले क्षेत्रों में भी कादरी लेपाक्षी वरदान साबित हो रहा है।
प्रोटीन, मैग्निशियन, विटामिन तथा मिनरल्स से भरपूर कादरी लेपाक्षी किस्म की मूंगफली की खेती जिले में कुल 2350 हेक्टेयर में इस बार मूंगफली की फसल ली जा रही है। जिसमें 700 हेक्टेयर में कादरी लेपाक्षी 1812 की बीजों की बोनी हुई थी। इसमें बसना में 250 हेक्टेयर, सरायपाली 250 हेक्टेयर, पिथौरा 50 हेक्टेयर, महासमुंद 50 हेक्टेयर तथा बागबाहरा में 100 हेक्टेयर में इस किस्म की फसल लगाई गई थी। वर्तमान में अब कोड़ाई का काम प्रगति पर है। कादरी लेपाक्षी किस्म की खासियत है कि यह गीली भूमि तथा सूखी भूमि पर भी आसानी से हो जाता है। इस किस्म में अन्य किस्मों की तुलना में बीमारियों का खतरा कम रहता है। फलस्वरुपस महासमुंद जिले में इसे खासतौर पर प्रमोट किया जा रहा है।
कादरी लेपाक्षी 1812 मूंगफली की एक उन्नत किस्म है। जो आंध्र प्रदेश के आचार्य एनजी रंगा कृषि विश्वविद्यालय द्वारा विकसित की गई है। यह किस्म सामान्य मूंगफली किस्मों की तुलना में अधिक उपज देती है। कादरी लेपाक्षी 1812 को सूखा प्रतिरोधी किस्म माना जाता है. जो इसे पानी की कमी वाले क्षेत्रों में खेती के लए उपयुक्त बनाती है।
कीट और रोग प्रतिरोधी यह किस्म थ्रिप्स और जैसिड्स जैसे सामन्य मूंगफली कीटों के प्रतिरोधी है। यह किस्म अन्य किसानों की तुलना में जल्दी पक जाती है। जिससे किसानों को फसल चक्र छोटा करने में मदद मिलती है। कादरी लेपाक्षी 1812 में तेल और प्रोटीन की मात्रा अधिक होती है। जो इसे पोषण के लिए एक उत्कृष्ट स्त्रोत बनाती है। यह किस्म गंभीर सूखे की स्थिति में बी अच्छी पैदावार देती है। प्रत्येक पौधे में 160 से 180 फलियां लग सकती है। इस मूंगफली में 51 प्रतिशत तेल की मात्रा होती है। यह किस्म विशेष रुप से आंध्र प्रदेश में लोकप्रिय है, लेकिन अन्य राज्यों में भी इसकी खेती की जा रही है। इस किस्म की खेती के लिए उचित जल प्रबंधन और उर्वरक का उपयोग करना महत्वपूर्ण है। डाक्टरों की मानें तो मूंगफली में एंटीऑक्सिडेंट होते हैं, जो शरीर को मुक्त कणों से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद करते हैं।
मूंगफली हृदय रोग के खतरे को कम करने में मदद कर सकती है। मूंगफली में मौजूद मैग्नीशियम और पोटेशियम रक्तचाप को कम करने में मदद कर सकते हैं। मूंगफली में मौजूद फाइबर और स्वस्थ वसा, रक्त शर्करा विभिन्न प्रकार के रोगों को नियंत्रित करने में मदद कर सकते तथा व्यंजनों में भी इसके तेल आदि का उपयोग किया जा सकता है।