महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 23 सितंबर। 6वीं जूनियर एवं सीनियर सी राष्ट्रीय योगा चैंपियनशिप का आयोजन 28 सितम्बर से एक अक्टूबर तक विजयवाड़ा आंध्र प्रदेश में किया जा रहा हैं। जिसमें छत्तीसगढ़ से 29 खिलाड़ी शामिल होंगे। इनमें महासमुंद जिले के एक जूनियर एवं दो सीनियर महिला एवं पुरुष खिलाड़ी भी शामिल हैं। राष्ट्रीय जूनियर नेशनल चैंपियनशिप के लिए जिले के भरत साहू बागबाहरा एवं संदीप पटले तथा पूनम पटले महासमुंद का चयन सीनियर वर्ग में हुआ है।
मालूम हो कि संदीप पटले व पूनम पटले पति-पत्नी हैं। ऐसा पहली बार हो रहा है कि एक दंपत्ति जोड़ी छत्तीसगढ़ प्रदेश से चयनित होकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल होंगी। विगत वर्ष पूनम पटले ने सिविल सर्विसेज नेशनल योगा चैंपियनशिप चंडीगढ़ पंजाब में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया व अच्छा प्रदर्शन किया था। जबकि संदीप पटले शतरंज के राष्ट्रीय प्रशिक्षक, आर्बिटर निर्णायक व खिलाड़ी हैं, जो महासमुंद जिले में शतरंज के खिलाड़ी तैयार कर रहे हैं।
संदीप पटले व पूनम पटले सीनियर सी के सोपाईन इवेंट में अपना प्रदर्शन करेंगे। दंपति के नेशनल योगा में चयन होने पर महासमुंद जिला के खेल अधिकारी मनोज घृतलहरे, गणेश कोसरे, सेवन दास मानिकपुरी, योगासन भारत के अध्यक्ष लक्ष्मण पटेल, छत्तीसगढ़ शतरंज संघ के सचिव हेमंत खुंटें, महासचिव विनोद राठी, व आर्बिटर राकी देवांगन, अनीस अंसारी, अनिल शर्मा, भारत स्वाभिमान न्यास पतंजलि के राज्य कार्यकारी तिलक साव, राज्य कार्यकारी महिला पतंजलि हेमलता साहू ने बधाई व प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।