महासमुन्द

राजनेताओं के बदलते रूप से क्षेत्र का औद्योगिक विकास रुका - डॉ. चोपड़ा
23-Sep-2025 2:58 PM
राजनेताओं के बदलते रूप से क्षेत्र का  औद्योगिक विकास रुका - डॉ. चोपड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 23सितंबर। स्वाध्याय केंद्र समिति द्वारा कल स्वाध्याय केंद्र सभागार में ‘महासमुंद क्षेत्र के विकास में औद्योगिक संभावनाएं’   विषय पर दोपहर 2 बजे एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी में विभिन्न क्षेत्रों के व्यक्तियों ने अपने विचार साझा किए। मंच पर प्रमुख वक्ताओं में पूर्व विधायक डॉ विमल चोपड़ा, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा,  उद्योगपति पारस चोपड़ा. वरिष्ठ अधिवक्ता भूपेंद्र राठौर, पत्रकार बाबूलाल साहू,  कृषक महेश चंद्राकर, स्वाध्याय केन्द्र समिति के नव अध्यक्ष लक्ष्मीकांत पाणिग्रही, युवा प्रतिनिधि वंदना सेन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मंच संचालन करते हुए लक्ष्मीकांत तिवारी ने गोष्ठी के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। संगोष्ठी के संयोजक मोहन साहू और सह संयोजक माखन पटेल रहे। मुख्य वक्ता डॉ. विमल चोपड़ा ने इसके लिए मुख्य रूप से जनप्रतिनिधियों को एवं अगले क्रम में प्रशासन एवं शासन को दोषी ठहराते हुए कहा कि रोजगार के अवसर अब ज्यादातर उद्योग से ही पैदा हो सकते हैं, जिसमें लघु से लेकर बड़े उद्योगों की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। महासमुंद में दो राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे लाइन, और महानदी का अथाह जल है जो उद्योग के लिए जीवनदायिनी है। परंतु अपने स्वार्थ को लेकर राजनेताओं के बदलते पैतरे ने लोगों लोगों को भ्रम में डाला है वहीं शासन-प्रशासन, उद्योगों से होने वाले प्रदूषण एवं आम लोगों की समस्याओं को लेकर उदासीन हैं, जिसके कारण आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ता है, परंतु हजारों लोगों को रोजगार देने वाले इन उद्योगों के लिए पानी सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और उद्योग के मालिकों को सही रास्ते पर लाने के काम में प्रशासन को कड़ा रूप अपनाना चाहिए। डॉ. चोपड़ा ने आगे कहा कि स्थानीय लोगो को रोजगार और साथ ही सी.एस.आर. मद का जो पैसा है, उन पैसों को उद्योग के आसपास के गावों में ही खर्च करना चाहिए। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने महासमुंद के विकास के लिए सरकार की योजनाओं और संभावित परियोजनाओं पर प्रकाश डाला और कहा कि क्षेत्र में एक बड़े और आधुनिक अस्पताल की आवश्यकता बताई। स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार बहुत जरूरी है और सरकार इस दिशा में काम कर रही है।  उद्योगपति पारस चोपड़ा ने कहा कि हमें अपने ही देश में बने सामानों का उपयोग करना चाहिए। इससे स्थानीय उद्योगों को मजबूती मिलेगी और अर्थव्यवस्था में सुधार होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे विदेशी उत्पादों की जगह स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें।

पत्रकार बाबूलाल साहू ने विकास के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि क्षेत्र का विकास केवल सरकार या उद्योगपतियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए सभी लोगों को मिलकर दृढ़ इच्छाशक्ति से काम करना होगा। उन्होंने बताया कि जब तक हर व्यक्ति अपने स्तर पर प्रयास नहीं करेगा, तब तक कोई भी योजना सफल नहीं हो सकती। महासमुंद के कृषि प्रधान क्षेत्र होने का हवाला देते हुए कहा कि यहां कृषि संबंधित उद्योगों को बढ़ावा मिलना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि अनाज, सब्जियां, फल और अन्य कृषि उत्पादों पर आधारित प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित की जा सकती हैं, जिससे किसानों को उनके उत्पादों का सही मूल्य मिल सकेगा और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

उन्नत किसान महेश चंद्राकर ने उद्योगों के पर्यावरण और सामाजिक दायित्वों पर ध्यान केंद्रित किया और बताया कि उद्योगों से निकलने वाला दूषित जल अक्सर खेती की जमीन और जल स्रोतों को प्रदूषित करता है। आगे कहा कि उद्योगों को अपने दूषित जल को वापस शुद्ध करके उपयोग में लाना चाहिए। इससे न केवल पर्यावरण की रक्षा होगी बल्कि पानी का भी सही प्रबंधन हो पाएगा। उन्होंने सुझाव दिया कि उद्योगों को स्थापित करने से पहले उन पर कुछ कड़ी शर्तें लगाई जानी चाहिए। ये शर्तें पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय रोजगार और सामाजिक दायित्वों से संबंधित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक उद्योगपति इन शर्तों का पालन नहीं करते, उन्हें काम शुरू करने की अनुमति नहीं मिलनी चाहिए। चंद्राकर ने एक बहुत ही महत्वपूर्ण बात कही कि उद्योग वालों की नियत साफ होनी चाहिए। मतलब ये कि इन उद्योगपतियों को केवल लाभ कमाने की नहीं, बल्कि समाज और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को भी समझना चाहिए।

वंदना सेन ने महासमुंद के विकास में लघु और कुटीर उद्योगों की भूमिका पर जोर दिया। उनका मानना था कि इन उद्योगों को बढ़ावा देने से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ेगी। उन्होंने विशेष रूप से वनोपज से संबंधित कामों को बढ़ाने की बात की। उन्होंने कहा कि महासमुंद क्षेत्र में कई प्रकार के वन उत्पाद उपलब्ध हैं, जिनका उपयोग करके नए उत्पाद बनाए जा सकते हैं। इससे न केवल स्थानीय लोगों की आय बढ़ेगी बल्कि क्षेत्र की प्राकृतिक संपदा का भी सदुपयोग हो सकेगा। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि इन उद्योगों को सरकार और अन्य संगठनों से समर्थन मिलना चाहिए, ताकि वे बड़े स्तर पर काम कर सकें।

अंत में निष्कर्ष यही निकला कि उद्योगों का विकास तो होना चाहिए, लेकिन प्रदूषण नियंत्रित हो और स्थानीय लोगों को रोजगार मिले,  उद्योग स्थापित हो लेकिन प्रदूषण के लिए प्रशासन को कड़ा होना चाहिए, प्रदूषण न हो और स्थानीय लोगों को रोजगार मिल सके इस मामले में प्रशासन को कड़ा रुख  अपनाना  चाहिए।

आभार प्रदर्शन स्वाध्याय केन्द्र समिति के नव अध्यक्ष लक्ष्मीकांत पाणिग्रही ने किया । इस अवसर पर देवी चंद राठी नपा उपाध्यक्ष, चंद्रशेखर साहू, महेंद्र सिका,  नारायण ठाकुर, गोवर्धन प्रधान, पवन साहू, राजेश डड़सेना, खगेन्द्र तारक, जितेन्द्र साहू, सुरेन्द्र ठेठवार, सुरेश कन्नौजे, पार्षद पीयूष साहू, पार्षद चंद्रशेखर बेलदार, पूर्व पार्षद संदीप घोष, श्रेयांश चोपड़ा, अमित सोनी, आदित्य चोपड़ा, मुन्ना साहू, जीवन साहू,  भाजपा नेता महेंद्र जैन, रविन्द्र जैन, राजेश साहू, शरद राव, सुरेन्द्र महाराज, शंकर ध्रुव, गोपी ध्रुव, तारेंद्र यादव, चंद्रलेखा साहू, दुर्गा चंद्राकर सहित क्षेत्र के युवा, किसान, उद्यमी, सेवानिवृत्त अधिकारी, कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट